नई दिल्ली, 21 नवंबर- अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में 22 नवंबर को हरियाणा स्टेट डे का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिरकत करेंगे। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच मनाए जाने वाले इस कार्यक्रम में हरियाणवी संस्कृति, परंपरा और प्रदेश की विकास यात्रा की बहुआयामी झलक देखने को मिलेगी। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला देश के सबसे बड़े व्यापारिक और सांस्कृतिक आयोजनों में गिना जाता है, जहां देश-विदेश से हजारों प्रदर्शक और लाखों आगंतुक पहुंचते हैं। ऐसे प्रतिष्ठित मंच पर हरियाणा स्टेट डे का आयोजन प्रदेश के लिए अपनी आर्थिक प्रगति, उद्यमशीलता और सांस्कृतिक विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। भारत मंडपम का एम्फीथिएटर में 6 बजे हरियाणा स्टेट डे कार्यक्रम की शुरूआत होगी।

हरियाणा पवेलियन का करेंगे अवलोकन
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मेले में बनाए गए हरियाणा पवेलियन का अवलोकन भी करेंगे। पवेलियन में प्रदेश के विभिन्न विभागों, उद्योगों, हस्तशिल्प कारीगरों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। मुख्यमंत्री विभिन्न स्टॉलों पर जाकर प्रदर्शकों से संवाद करेंगे और उनके द्वारा प्रदर्शित उत्पादों व नवाचारों की जानकारी लेंगे। हरियाणा पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश के अवसरों, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और पारंपरिक कला-कौशल को प्रमुखता से दर्शाया गया है। यहां आने वाले आगंतुकों को हरियाणा की समृद्ध विरासत के साथ-साथ आधुनिक विकास की तस्वीर भी एक ही स्थान पर देखने को मिलेगी। पवेलियन की साज-सज्जा में हरियाणवी संस्कृति की छाप साफ नजर आती है, जो आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण का केंद्र
हरियाणा स्टेट डे का मुख्य आकर्षण सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। प्रदेश के कलाकार लोक नृत्य, लोक गीत और संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां देंगे। हरियाणवी लोक कलाओं की इन प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत किया जाएगा। हरियाणवी वेशभूषा में सजे कलाकार मेले में आने वाले दर्शकों को प्रदेश की लोक संस्कृति से रूबरू कराएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए हरियाणा के खान-पान, रहन-सहन, लोक परंपराओं और सामाजिक मूल्यों की झलक भी पेश की जाएगी।
देश-दुनिया के सामने हरियाणा की उपलब्धियों की प्रस्तुति
हरियाणा आज देश के अग्रणी राज्यों में शामिल है। औद्योगिक विकास, कृषि, खेल, शिक्षा और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर और सोनीपत जैसे औद्योगिक केंद्र प्रदेश की आर्थिक ताकत के प्रतीक हैं। राज्य सरकार निवेशकों को अनुकूल माहौल उपलब्ध कराने, उद्योगों को प्रोत्साहन देने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले जैसे मंच पर हरियाणा की भागीदारी से प्रदेश के उद्यमियों, कारीगरों और किसानों को अपने उत्पादों के लिए नया बाजार और नई पहचान मिलती है। यह मंच प्रदेश के छोटे और मझोले उद्यमों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संपर्क स्थापित करने का अवसर भी प्रदान करता है।

प्रदर्शकों और आगंतुकों में उत्साह
हरियाणा स्टेट डे को लेकर प्रदर्शकों और आगंतुकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मेले में आने वाले लोगों के लिए हरियाणा पवेलियन विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी की उपस्थिति से इस आयोजन को और भी विशेष महत्व मिलेगा। मुख्यमंत्री प्रदेश के उद्यमियों और कलाकारों का उत्साहवर्धन भी करेंगे।
एक मंच पर उद्योग, संस्कृति और परंपरा का संगम
हरियाणा स्टेट डे का आयोजन प्रदेश की बहुआयामी पहचान को एक मंच पर प्रस्तुत करने का सशक्त प्रयास है। एक ओर जहां पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति की तस्वीर पेश की गई है, वहीं दूसरी ओर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां प्रदेश की लोक परंपराओं और सामाजिक विरासत को जीवंत करेंगी। इस आयोजन के माध्यम से हरियाणा देश और दुनिया को यह संदेश देगा कि प्रदेश परंपरा और आधुनिकता के बीच संतुलन बनाते हुए तेज गति से विकास के पथ पर अग्रसर है। उद्योग, कृषि, खेल और संस्कृति, हर क्षेत्र में हरियाणा की उपलब्धियां प्रदेश के हर नागरिक के लिए गर्व का विषय हैं।







