Edition

गुरुग्राम में समाधान शिविर की लंबित शिकायतों पर सख्ती, एसडीएम परमजीत चहल ने अधिकारियों को दिए त्वरित निपटान के निर्देश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 6 मार्च 2026

  • समाधान शिविर की लंबित शिकायतों के त्वरित निपटान के लिए एसडीएम परमजीत चहल ने ली साप्ताहिक समीक्षा बैठक
  • लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द निपटाने के निर्देश

समाधान शिविर से संबंधित लंबित शिकायतों के प्रभावी और समयबद्ध निपटान को लेकर शुक्रवार को एसडीएम परमजीत चहल ने लघु सचिवालय स्थित सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि समाधान शिविरों से प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निपटान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान मिल सके।
उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्य करते हुए तय समय सीमा के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) की गुणवत्ता भी बेहतर हो, ताकि शिकायतों को दोबारा खोलने की नौबत न आए।

बैठक से पहले चंडीगढ़ से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समाधान प्रकोष्ठ की राज्य स्तरीय टीम द्वारा प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों के साथ एक डाउट क्लीयरिंग सत्र आयोजित किया गया। इस सत्र में विभिन्न जिलों के अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संबंधित समस्याओं और शंकाओं पर विस्तार से चर्चा की तथा समाधान प्रक्रिया को और प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी साझा किए।
एसडीएम परमजीत चहल ने बताया कि आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार और वीरवार को जिला तथा उपमंडल स्तर पर समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में सुबह 10 बजे से 12 बजे तक संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी स्वयं उपस्थित होकर नागरिकों की समस्याएं सुनते हैं और उनका मौके पर ही समाधान करने का प्रयास करते हैं।

एसडीएम ने कहा कि समाधान शिविर हरियाणा सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान करना है। जन शिकायतों के निपटान में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में पटौदी के एसडीएम दिनेश लुहाच, नगर निगम के संयुक्त आयुक्त विशाल, सीटीएम सपना यादव, एसीपी सुशीला, डीडीपीओ नवनीत कौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

 

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें