नई दिल्ली, 27 नवंबर – हरियाणा सार्वजनिक उपक्रम ब्यूरो के चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली ने शुक्रवार को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में बनाए गए हरियाणा पवेलियन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने पवेलियन के अलग-अलग स्टॉलों पर जाकर वहां प्रदर्शित उत्पादों, कलाकृतियों व उद्यमियों से जानकारी ली। उन्होंने हरियाणा पवेलियन के डिजाइन की भी प्रशंसा की।
चेयरमैन मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा को जिस प्रकार दर्शाया गया है, वह बहुत सराहनीय है। पवेलियन के माध्यम से न केवल हरियाणा के विकास की यात्रा को प्रस्तुत किया गया है, बल्कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है। उन्होंने कहा कि हरियाणा आज एक्सपोर्ट हब के रूप में उभरा है और यहां से निर्यात होने वाली अनेक प्रकार की वस्तुओं की विविधता को भी पवेलियन में प्रदर्शित किया गया है, जो प्रदेश की औद्योगिक व व्यापारिक क्षमता को दर्शाती है।
जिसके पास हुनर है, वही आत्मनिर्भर है
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का विजन है कि जिसके पास हाथ का हुनर है, वही आत्मनिर्भर है। आत्मनिर्भर भारत के इस संकल्प के अनुरूप हरियाणा भी आत्मनिर्भर भारत में आत्मनिर्भर हरियाणा के रूप में निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के कारीगरों और हुनरमंद लोगों का कार्य इस संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभा रहा है। इसी श्रृंखला में यहां अलग-अलग स्टॉल प्रदर्शित किए गए हैं।
नई सोच के साथ नए हरियाणा का विकास
चेयरमैन श्री मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि पवेलियन में हरियाणा के खान-पान से जुड़े उत्पादों जैसे मूंग, बाजरा और मक्की के साथ-साथ विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों को भी प्रदर्शित किया गया है। इसके अलावा कपड़े और मिट्टी से जुड़े कार्य करने वाले अनेक कारीगरों के उत्पाद भी यहां दर्शाए गए हैं, जो हरियाणा की पारंपरिक कला और हस्तशिल्प की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि नई सोच के साथ नए हरियाणा के विकास को इस अंतरराष्ट्रीय मेले में बखूबी प्रदर्शित किया गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें यह सब देखकर बहुत अच्छा लगा।

हरियाणा की चौपाल का अपना महत्व
पवेलियन में बनाई गई हरियाणवी चौपाल के बारे में चेयरमैन श्री मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी का नारा है, “हरियाणा एक, हरियाणवी एक”, और हरियाणा की चौपाल का अपना विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि चाहे राजनीतिक चर्चा हो, सामाजिक मुद्दे हों या समाज सुधार की बात, बहुत से कार्य चौपाल के माध्यम से ही पूरे किए जाते हैं। इस संपूर्ण संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में दर्शाने का सराहनीय कार्य किया गया है। उन्होंने कहा कि मेले में हरियाणा पवेलियन का स्थान बहुत ही बढ़िया और सुंदर है। उन्होंने पवेलियन को तैयार करने वाली पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन प्रदेश की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होते हैं। इस मौके पर हरियाणा पवेलियन के निदेशक श्री अनिल चौधरी भी मौजूद रहे।








