Edition

विश्व विजेता भारत! T20 World Cup 2026 पर तिरंगा, पाक खिलाड़ियों की तीखी प्रतिक्रिया!

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

9 मार्च 2026

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की ऐतिहासिक जीत के बाद जहां दुनिया भर से टीम इंडिया को बधाइयां मिल रही हैं, वहीं पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। अख्तर ने भारत के दबदबे को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिस पर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को 96 रनों से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। संजू सैमसन ने 46 गेंदों में 89 रन की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को तेज शुरुआत दी। ईशान किशन ने भी 25 गेंदों में 54 रन की तेज पारी खेली और अंत में शिवम दुबे ने आठ गेंदों में नाबाद 26 रन बनाकर स्कोर को 255 तक पहुंचा दिया।

इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 159 रन पर ही सिमट गई। भारतीय गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि अक्षर पटेल ने 3 विकेट झटककर कीवी बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी।  इस शानदार जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने एक पाकिस्तानी क्रिकेट शो में विवादित टिप्पणी कर दी।

अख्तर ने कहा कि भारत का क्रिकेट पर बढ़ता दबदबा खेल के लिए ठीक नहीं है। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि जैसे किसी मोहल्ले में एक अमीर बच्चा गरीब बच्चों को बुलाकर खेलता है और फिर जीत का दावा करता है, वैसा ही कुछ भारत क्रिकेट में कर रहा है। अख्तर ने यहां तक कह दिया कि भारत ने क्रिकेट को बर्बाद कर दिया है।

हालांकि दिलचस्प बात यह है कि फाइनल से पहले शोएब अख्तर का रुख कुछ अलग था। उस समय उन्होंने भारत को मजबूत टीम बताते हुए कहा था कि क्रिकेट के हित में वह न्यूजीलैंड को ट्रॉफी जीतते देखना चाहते हैं।

आलोचना के बीच शोएब अख्तर ने भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि गंभीर ने खिलाड़ियों पर भरोसा दिखाया और मुश्किल समय में टीम का साथ दिया, जो किसी भी बड़े टूर्नामेंट को जीतने में अहम भूमिका निभाता है।

हालांकि पाकिस्तान के कुछ पूर्व खिलाड़ियों ने भारत की जीत की खुलकर सराहना भी की। पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय टीम इस समय बेहद मजबूत है और उसका क्रिकेट सिस्टम दुनिया के लिए उदाहरण है।

पाकिस्तान के बल्लेबाज अहमद शहजाद ने भी भारतीय बल्लेबाजों की तारीफ की। उन्होंने खास तौर पर संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा की पारी को मैच का टर्निंग पॉइंट बताया।

वहीं पाकिस्तान के पूर्व ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने भी भारत को लगातार दूसरा टी20 वर्ल्ड कप जीतने पर बधाई दी और कहा कि भारतीय टीम का संतुलन और निरंतरता काबिल-ए-तारीफ है।

पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने भी इस हार को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी। आमिर का कहना था कि न्यूजीलैंड की गेंदबाजी इस मैच में दबाव बनाने में नाकाम रही। उन्होंने कहा कि जब टीम को पता था कि अभिषेक शर्मा स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, तब भी स्पिन गेंदबाजी का ज्यादा इस्तेमाल नहीं किया गया।

हालांकि आमिर ने यह भी माना कि भारत ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में शानदार प्रदर्शन किया और इसी वजह से मैच पूरी तरह एकतरफा हो गया।

भारत की इस ऐतिहासिक जीत ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि टीम इंडिया इस समय विश्व क्रिकेट की सबसे मजबूत टीमों में से एक है। हालांकि पड़ोसी देश पाकिस्तान के कुछ पूर्व खिलाड़ियों की प्रतिक्रियाओं ने इस जीत को लेकर बहस को और भी तेज कर दिया है।

भारत की इस जीत के साथ टीम इंडिया टी20 वर्ल्ड कप का खिताब सफलतापूर्वक बचाने वाली पहली टीम बन गई है। वहीं शोएब अख्तर के बयान ने इस ऐतिहासिक जीत के बाद एक नई बहस जरूर छेड़ दी है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें