Edition

रेवाड़ी में सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दर्शन और रुद्र पूजा का भव्य आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रेवाड़ी में रुद्र पूजा के साथ होंगे सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दिव्य दर्शन

रेवाड़ी, हरियाणा। 10 मार्च 2026 

शहर के श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत सौभाग्य और आस्था से जुड़ा एक ऐतिहासिक अवसर आने जा रहा है। लगभग एक हजार वर्षों से सुरक्षित रखे गए सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेष 13 मार्च 2026 को रेवाड़ी में श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु लाए जा रहे हैं। इस दुर्लभ अवसर पर शहर में रुद्र पूजा एवं दिव्य दर्शन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

इतिहास के अनुसार वर्ष 1026 ईस्वी में सोमनाथ मंदिर पर हुए आक्रमण के दौरान ज्योतिर्लिंग के कुछ पवित्र अंशों को संतों और अग्निहोत्री ब्राह्मणों की एक परंपरा द्वारा सुरक्षित रख लिया गया था। इन अवशेषों की सदियों तक गुप्त रूप से पूजा-अर्चना की जाती रही और इन्हें सुरक्षित रखा गया। लंबे समय के बाद अब इन पवित्र अवशेषों को श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए देश के विभिन्न स्थानों पर ले जाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत रेवाड़ी में भी दर्शन का यह दुर्लभ अवसर प्राप्त हो रहा है।

इसी कड़ी में पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) एवं आर्ट ऑफ लिविंग के संयुक्त सहयोग से 13 मार्च 2026 को पंजाबी भवन, पुराना कोर्ट कॉम्प्लेक्स, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुजन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दर्शन कर सकेंगे और विशेष रूप से आयोजित रुद्र पूजा में भाग लेकर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे। रुद्र पूजा का आयोजन शाम 6:00 बजे किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम केवल एक धार्मिक आयोजन ही नहीं बल्कि भारतीय आध्यात्मिक परंपरा, आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ा एक महत्वपूर्ण अवसर है। सदियों बाद इन पवित्र अवशेषों के दर्शन का अवसर मिलना श्रद्धालुओं के लिए अत्यंत दुर्लभ और सौभाग्यपूर्ण माना जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत रुद्र पूजा संपन्न करवाई जाएगी। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद की भी व्यवस्था की गई है, ताकि सभी भक्त इस पावन अवसर का लाभ उठा सकें।

पंजाबी समाज रेवाड़ी (रजि.) के प्रधान सचिन मलिक ने बताया कि समाज को यह सौभाग्य प्राप्त हुआ है कि इतने पवित्र और ऐतिहासिक अवशेषों के दर्शन का अवसर रेवाड़ी में आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने शहरवासियों और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर भगवान शिव के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन करने का आह्वान किया।
वहीं आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से ब्रह्म प्रकाश भारद्वाज और नरेश कालरा ने कहा कि यह कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण होगा। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिकता, सकारात्मकता और भारतीय संस्कृति के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना है।
आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे 13 मार्च को पंजाबी भवन, पुराना कोर्ट कॉम्प्लेक्स, मॉडल टाउन, रेवाड़ी में आयोजित इस पावन कार्यक्रम में सपरिवार पहुंचकर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पवित्र अवशेषों के दर्शन, शाम 6:00 बजे होने वाली रुद्र पूजा तथा प्रसाद ग्रहण कर इस दुर्लभ अवसर का लाभ उठाएं।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें