गुरुग्राम | 16 अप्रैल 2026
गुरुग्राम पुलिस ने सस्ते दाम में सोने और चांदी के सिक्के बेचने का लालच देकर करोड़ों की ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का बड़ा भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से 2 करोड़ 30 लाख 05 हजार 700 रुपये नकद तथा 678 ग्राम सोना बरामद किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने शिकायतकर्ता से 2.49 करोड़ रुपये नकद और करीब 50 तोला सोना ठग लिया था।
पहले असली सिक्के दिखाए, फिर पीतल के नकली सिक्कों से लगाया चूना
पुलिस के अनुसार गिरोह बेहद शातिर तरीके से पढ़े-लिखे और पैसे वाले लोगों को निशाना बनाता था। आरोपी पहले खुद को गरीब मजदूर बताकर कुछ असली सोने-चांदी के सिक्के दिखाते थे और उन्हें ज्वेलर से चेक कराने को कहते थे।
जब पीड़ित का भरोसा पूरी तरह जीत लेते, तब बड़े सौदे के नाम पर भारी नकदी और सोना लेकर बदले में सोने का पानी चढ़े पीतल या तांबे के नकली सिक्के थमा देते थे। इसके बाद आरोपी हजारों किलोमीटर दूर फरार हो जाते थे।
सुशांत लोक के कारोबारी से 2.49 करोड़ की बड़ी ठगी
यह सनसनीखेज मामला गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना क्षेत्र का है। शिकायतकर्ता के अनुसार 13 फरवरी 2026 को एक व्यक्ति ने उसे सस्ते दाम में सोने-चांदी के सिक्के बेचने का ऑफर दिया।
पहले दो बार असली सिक्के देकर भरोसा जीता गया। इसके बाद 2 मार्च 2026 को आरोपी ने शिकायतकर्ता के घर पहुंचकर लगभग 2.49 करोड़ रुपये नकद, जो उसने ब्याज पर लिए थे, और करीब 50 तोला सोना ले लिया। बदले में नकली सिक्के देकर फरार हो गया।
गुजरात और दिल्ली से दबोचे गए आरोपी
क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 की टीम ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान:
- सोलंकी प्रभुभाई गुलशनभाई उर्फ कल्पेश उर्फ रवि (वडोदरा, गुजरात)
- पंकज शर्मा (निहाल विहार, दिल्ली)
- मनीष कमलेश शाह (वडोदरा, गुजरात)
- ईश्वर मारवाड़ी (वडोदरा, गुजरात)
इनमें से दो आरोपियों को गुरुग्राम से और दो को गुजरात से गिरफ्तार किया गया।
बॉलीवुड सितारों को भी बना चुका है शिकार
पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि गिरोह का सरगना प्रभुभाई पिछले 25 सालों से ठगी की वारदातों में शामिल है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से 25 लाख रुपये और सलीम खान के PA से 20 लाख रुपये की ठगी भी की थी। इतना ही नहीं, ठगी के पैसों से आरोपी ने होटल खरीदा और “लव यू” नाम की गुजराती फिल्म भी बनाई।
आरोपी पर पहले से कई केस दर्ज
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक मुख्य आरोपी प्रभुभाई के खिलाफ:
- महाराष्ट्र में 2 धोखाधड़ी के केस
- गुजरात में 7 आपराधिक मामले
पहले से दर्ज हैं।
बरामदगी ने खोले गैंग के बड़े नेटवर्क के राज
पुलिस द्वारा आरोपियों से:
- ₹2,30,05,700 नकद
- 678 ग्राम सोना
बरामद किया गया है। यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि गिरोह लंबे समय से कई राज्यों में सक्रिय था।
आगे भी होगी बड़ी गिरफ्तारी
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि इस गैंग के अन्य सदस्य भी जल्द गिरफ्तार किए जाएंगे। मामले की जांच जारी है और कई बड़े खुलासे होने की संभावना है।
यह भी पढ़ें (Also Read)







