7 वर्षीय गुमशुदा बच्ची को पुलिस थाना फरुखनगर की टीम ने मात्र 01 घंटे में किया सकुशल बरामद।
परिजनों को सौंपकर दी संवेदनशील, त्वरित एवं मानवीय पुलिसिंग की मिसाल।
गुरुग्राम : 9 जुलाई ।
▪️ गुरुग्राम पुलिस की पुलिस थाना फरुखनगर की पुलिस टीम द्वारा त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई करते हुए 07 वर्षीय गुमशुदा बच्ची को मात्र 01 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंपने का सराहनीय कार्य किया गया।
▪️दिनांक 08.07.2026 को पुलिस थाना फरुखनगर में एक महिला ने उपस्थित होकर शिकायत दी कि उसकी 07 वर्षीय बेटी दिनांक 07.07.2026 की शाम बालाजी बस्ती, फरुखनगर में खेलने के लिए घर से बाहर गई थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। शिकायत प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा तत्काल बच्ची की तलाश शुरू की गई।
▪️ पुलिस थाना फरुखनगर की पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए PCR राइडर एवं थाना स्टाफ की सहायता से करीब 50 पुलिसकर्मियों ने विभिन्न स्थानों पर बच्ची की तलाश शुरू की तथा आसपास के क्षेत्र में लगे CCTV कैमरों की फुटेज का गहनता से अवलोकन किया। पुलिस टीम के त्वरित एवं अथक प्रयासों के परिणामस्वरूप गुमशुदा बच्ची को मात्र 01 घंटे के भीतर बालाजी बस्ती के नजदीक स्थित मार्केट से सकुशल बरामद करने में सफलता प्राप्त हुई।
▪️ गुमशुदा बच्ची को सकुशल बरामद करने के उपरांत पुलिस टीम द्वारा आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूर्ण की गईं तथा बच्ची को सुरक्षित रूप से उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। बच्ची के सकुशल मिलने पर परिजनों ने गुरुग्राम पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस टीम ने परिजनों के इस आभार को अपना कर्तव्य समझते हुए सहजता से स्वीकार किया।
▪️ गुरुग्राम पुलिस सभी अभिभावकों से अपील करती है कि छोटे बच्चों पर विशेष ध्यान रखें तथा उन्हें अकेले बाहर न जाने दें। यदि कोई बच्चा गुम हो जाता है तो बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी पुलिस थाना/चौकी में सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गुरुग्राम पुलिस आपकी सेवा, सुरक्षा एवं सहयोग के लिए 24×7 तत्पर है।







