एसआईआर अभियान की अंतिम तिथि 24 जुलाई तक बढ़ी, सभी मतदाता समय रहते फॉर्म अवश्य भरवाएं, धर्मेन्द्र भारद्वाज।
तावडू, 14 जुलाई (नरेश मैहंदीरत्ता): नगरपालिका तावडू के वाइस चेयरमैन धर्मेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत जिन मतदाताओं ने अभी तक अपना एसआईआर फॉर्म जमा नहीं कराया है, उनके लिए राहत की खबर है। निर्वाचन आयोग द्वारा एसआईआर फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 14 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है।
धर्मेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत प्रत्येक नागरिक का मतदान का अधिकार है। इसलिए प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची में सही एवं अद्यतन रूप से दर्ज होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी मतदाताओं से आग्रह किया कि वे अंतिम समय का इंतजार न करें। बल्कि अपने फॉर्म पर अंकित बीएलओ के नाम एवं मोबाइल नंबर पर शीघ्र संपर्क कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना एसआईआर फॉर्म भरवाकर समय सीमा के भीतर जमा करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाना है। ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने संवैधानिक अधिकार से वंचित न रहे। यह अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था को और अधिक सशक्त एवं विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। धर्मेन्द्र भारद्वाज ने कहा कि सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं तथा अपने परिवार, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों को भी एसआईआर फॉर्म भरवाने के लिए प्रेरित करें। विशेष रूप से युवाए वरिष्ठ नागरिक एवं पहली बार मतदान करने वाले पात्र मतदाता इस अवसर का लाभ अवश्य उठाएं। उन्होंने कहा कि समय पर एसआईआर फॉर्म जमा करने से भविष्य में मतदाता सूची से संबंधित किसी भी प्रकार की असुविधा या परेशानी से बचा जा सकता है। इसलिए सभी मतदाता निर्धारित समय सीमा 24 जुलाई से पहले अपना एसआईआर फॉर्म भरवाकर लोकतंत्र के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वहन करें।







