Edition

गुरुग्राम में BJP कार्यालय के बाहर कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम14 जुलाई /अयोध्या राम मंदिर में चंदे से जुड़े विवाद को लेकर गुरुग्राम में राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है। मंगलवार को जिला कांग्रेस द्वारा भाजपा कार्यालय के बाहर प्रस्तावित सुंदरकांड पाठ से पहले प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए गुरुकमल, सेक्टर-31 स्थित भाजपा जिला कार्यालय के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी। इसके तहत करीब 300 मीटर के दायरे में धरना, प्रदर्शन और बिना अनुमति किसी भी प्रकार के सार्वजनिक आयोजन पर रोक लगा दी गई।

इसके बावजूद कांग्रेस के कुछ नेता और कार्यकर्ता भाजपा कार्यालय से कुछ दूरी पर बैठकर सुंदरकांड का पाठ करने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उन्हें हिरासत में लिया और बस के जरिए थाने ले गई।

जानकारी के अनुसार, जिला कांग्रेस के शहरी अध्यक्ष पंकज डावर और ग्रामीण अध्यक्ष वर्धन यादव ने पहले ही भाजपा कार्यालय के निकट सुंदरकांड पाठ करने की घोषणा की थी। कांग्रेस ने इस कार्यक्रम को “सद्बुद्धि यज्ञ” का नाम दिया था। पार्टी का कहना था कि यह आयोजन राम मंदिर चंदा मामले में निष्पक्ष कार्रवाई और दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग को लेकर किया जा रहा है।

 

दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए पलटवार किया। कार्यक्रम से एक दिन पहले सेक्टर-40 थाना पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को नोटिस जारी कर बिना अनुमति आयोजन नहीं करने की चेतावनी दी थी।

मंगलवार को धारा 163 लागू होने के बावजूद कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वे अपनी बात जनता तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उनका आरोप है कि प्रशासन ने राजनीतिक दबाव में कार्रवाई की है।

वहीं जिला प्रशासन का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल भाजपा कार्यालय और आसपास के इलाके में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें