Edition

गुरुग्राम में ‘रंगोत्सव 2026’ का भव्य आयोजन, बारबेट और सारस टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स में पांच दिन चलेगा रंगों का उत्सव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 27 फरवरी 2026।

हरियाणा पर्यटन निगम द्वारा होली के उपलक्ष्य में गुरुग्राम में पांच दिवसीय ‘रंगोत्सव 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 28 फरवरी से 4 मार्च तक बारबेट टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, सोहना तथा सारस टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स, दमदमा में आयोजित होगा।

हरियाणा पर्यटन निगम, गुरुग्राम के एजीएम हरविंद्र सिंह यादव ने बताया कि इस आयोजन में आमजन, परिवार, कॉर्पोरेट समूह, आरडब्ल्यूए तथा अन्य संगठित समूह भाग लेकर सुरक्षित एवं पारिवारिक वातावरण में होली मना सकेंगे।

उन्होंने बताया कि रंगोत्सव के दौरान प्रतिदिन डीजे म्यूजिक, हरियाणवी कलाकारों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, रेन डांस जोन, ऑर्गेनिक कलर जोन तथा बच्चों के लिए विशेष किड्स प्ले जोन की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही पारंपरिक होली की झलक प्रस्तुत करते हुए फाग और रागिनी जैसे लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

बारबेट टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स अरावली पहाड़ियां की गोद में स्थित है, जहां प्राकृतिक सौंदर्य और हरियाली के मनमोहक दृश्य दिखाई देते हैं। वहीं सारस टूरिस्ट कॉम्प्लेक्स दमदमा झील के किनारे स्थित है, जहां झील का शांत और सुरम्य वातावरण उत्सव के रंगों को और भी खास बना देता है।

हरविंद्र सिंह यादव ने बताया कि इच्छुक परिवार, कॉर्पोरेट संस्थान, आरडब्ल्यूए एवं अन्य समूह अग्रिम बुकिंग कराकर कार्यक्रम में भाग ले सकते हैं। बुकिंग एवं पंजीकरण संबंधी जानकारी के लिए सुपरवाइजर सुनील शर्मा के मोबाइल नंबर 9837341060 पर संपर्क किया जा सकता है।

हरियाणा पर्यटन निगम का यह आयोजन गुरुग्राम में पर्यटन गतिविधियों को नई गति देने के साथ-साथ लोगों को सांस्कृतिक और पारिवारिक माहौल में होली मनाने का विशेष अवसर प्रदान करेगा।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें