गुरुग्राम, 27 फरवरी 2026।
भारत सरकार के गृह मंत्रालय के अधीन कार्यरत राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सुभाष चन्द्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यह वार्षिक पुरस्कार आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में व्यक्तियों और संस्थानों द्वारा किए गए उत्कृष्ट, अमूल्य एवं निस्वार्थ योगदान को पहचानने और सम्मानित करने के उद्देश्य से दिया जाता है। इस पुरस्कार की घोषणा प्रत्येक वर्ष 23 जनवरी को महान स्वतंत्रता सेनानी सुभाष चन्द्र बोस की जयंती पर की जाती है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए उपायुक्त अजय कुमार ने बताया कि केवल भारतीय नागरिक और भारतीय संस्थान ही इस पुरस्कार के लिए आवेदन करने के पात्र होंगे। संस्थानों, स्वैच्छिक संगठनों, कॉर्पोरेट संस्थाओं, शैक्षणिक एवं अनुसंधान संस्थानों, प्रतिक्रिया अथवा वर्दीधारी बलों सहित अन्य संस्थान एक इकाई के रूप में आवेदन कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदक ने भारत में आपदा प्रबंधन से जुड़े क्षेत्रों जैसे रोकथाम, शमन, तैयारी, बचाव, प्रतिक्रिया, राहत, पुनर्वास तथा अनुसंधान एवं नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया हो। आवेदन पत्र के साथ आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए कार्यों का विस्तृत विवरण संलग्न करना अनिवार्य है।
पुरस्कार से संबंधित विस्तृत जानकारी राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध है।







