सीकर। राजस्थान के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खाटूधाम में दीपावली पर्व के अवसर पर मंदिर परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था की जा रही है। इसी के चलते श्री खाटूश्यामजी मंदिर के पट 2 नवंबर को शाम 5:30 बजे तक बंद रहेंगे। मंदिर कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं को इस संबंध में जानकारी देते हुए दर्शन के लिए निर्धारित समय के बाद ही खाटूधाम पहुंचने की अपील की गई है। जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व को देखते हुए मंदिर परिसर में विशेष साफ-सफाई का कार्य किया जा रहा है। इसी व्यवस्था के तहत 1 नवंबर की रात 10 बजे मंदिर के पट मंगल कर दिए गए थे। इसके बाद 2 नवंबर को पूरे मंदिर परिसर में साफ-सफाई की जाएगी। सफाई का कार्य पूरा होने के बाद शाम 5:30 बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोल दिए जाएंगे। श्री श्याम मंदिर कमेटी के अध्यक्ष शक्ति सिंह चौहान ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मंदिर के पट खुलने के बाद ही खाटूधाम पहुंचें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। मंदिर कमेटी ने श्रद्धालुओं से व्यवस्था में सहयोग करने की अपील की है। ऐसे में बाबा श्याम के दर्शन की योजना बना रहे भक्तों को सलाह दी गई है कि वे मंदिर के निर्धारित समय को ध्यान में रखते हुए ही अपनी यात्रा करें।







