गुरुग्राम, 16 नवंबर 2026। गुरुग्राम जिले के गांव भोड़ाकलां में घोषगढ़ रोड पर लंबे समय से बनी जलभराव और गंदगी की समस्या को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने लोक निर्माण विभाग (PWD) और पब्लिक हेल्थ विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए हैं। डीसी उत्तम सिंह ने दोनों विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि घोषगढ़ रोड पर जमा गंदे पानी को बिना किसी देरी के निकाला जाए। इसके साथ ही सड़क की सफाई व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए और भविष्य में जलभराव की समस्या से बचने के लिए सड़क के दोनों तरफ नालों का निर्माण करवाया जाए। जिला उपायुक्त के आदेशों के बाद PWD और पब्लिक हेल्थ विभाग के अधिकारी भोड़ाकलां गांव पहुंचे। अधिकारियों ने घोषगढ़ रोड का निरीक्षण किया और मौके पर मौजूद जलभराव तथा सफाई व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया।
जलभराव की समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश
डीसी उत्तम सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क पर भरे पानी की निकासी तुरंत सुनिश्चित की जाए, ताकि स्थानीय लोगों और यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सड़क के दोनों ओर नालों के निर्माण पर भी जोर दिया, जिससे बारिश या सीवर के पानी के कारण सड़क पर दोबारा जलभराव की स्थिति पैदा न हो। डीसी के निर्देशों पर दोनों विभागों के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि आदेशों की पालना तुरंत प्रभाव से की जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि पानी निकासी और सफाई व्यवस्था को ठीक करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
स्थायी समाधान की उम्मीद में ग्रामीण

भोड़ाकलां के घोषगढ़ रोड पर जलभराव और गंदगी की समस्या के कारण स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। सड़क पर जमा गंदे पानी से आवागमन प्रभावित होने के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे थे। अब जिला उपायुक्त के सख्त निर्देशों के बाद ग्रामीणों को उम्मीद है कि संबंधित विभाग जल्द ही समस्या का स्थायी समाधान करेंगे। खासतौर पर सड़क के दोनों तरफ नालों का निर्माण होने से पानी की निकासी व्यवस्था बेहतर हो सकती है। फिलहाल दोनों विभागों के अधिकारियों ने डीसी को आदेशों की पालना का भरोसा दिया है। अब देखना होगा कि सड़क से जलभराव हटाने और नालों के निर्माण का कार्य कितनी जल्दी पूरा किया जाता है।






