Edition

एसपीसीए बैठक में बेसहारा पशुओं के प्रबंधन और देखभाल पर चर्चा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • सिलानी की रामकृष्ण कामधेनु गौशाला में पक्षियों के सुरक्षित आश्रय के लिए बर्ड टावर स्थापित
  • स्ट्रे डॉग्स की नसबंदी व टीकाकरण के लिए दो एबीसी सेंटर संचालित

गुरुग्राम, 10 मार्च – डीसी अजय कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को लघु सचिवालय में जिला स्तरीय एसपीसीए (सोसायटी फॉर प्रिवेंशन ऑफ क्रुएल्टी टू एनिमल्स) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में बेसहारा पशुओं की देखभाल, प्रबंधन और उनके पुनर्वास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि राम कृष्ण कामधेनु गौशाला, सिलानी में पक्षियों के लिए बर्ड टावर स्थापित किया गया है। इस पहल से पक्षियों को सुरक्षित आश्रय मिलेगा और उनके संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा। डीसी ने इसे जैव विविधता और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में घूम रहे बेसहारा पशुओं की पहचान कर उन्हें सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया जाए। इसके लिए गौशालाओं, अस्थायी शेड्स और स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से पशुओं की देखभाल, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक के दौरान जानकारी दी गई कि जिले में स्ट्रे डॉग्स की संख्या को नियंत्रित करने के लिए दो एबीसी (एनिमल बर्थ कंट्रोल) सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। इन केंद्रों के माध्यम से स्ट्रे डॉग्स की नसबंदी और टीकाकरण की प्रक्रिया नियमित रूप से की जा रही है। इसके अलावा फर्रुखनगर स्थित जीवीएच गौशाला में पशु चिकित्सालय के लिए एनिमल एंबुलेंस और ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने का प्रस्ताव भी रखा गया, जिसे आरईसी लिमिटेड के सहयोग से विकसित किया जाएगा।
डीसी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए बेसहारा पशुओं की खुले में आवाजाही को नियंत्रित करना आवश्यक है। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ इस दिशा में आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को नियमित मॉनिटरिंग और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए भी कहा।

बैठक में एसीपी मुकेश कुमार, डीडीपीओ नवनीत कौर, डीईओ इंदु बोकन, नगर निगम के सीएमओ डॉ. आशीष सिंगला, बीडीपीओ दीपिका शर्मा, एसडीओ डॉ. सुरेंद्र श्योराण सहित विभिन्न गौशालाओं के प्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें