डीपीजी डिग्री कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को कचरा अलगाव और 3R का पढ़ाया पाठ

गुरुग्राम को कचरा-पॉलिथीन मुक्त बनाने की पहल! छात्रों को किया जागरूक

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 9 सितंबर। नगर निगम गुरुग्राम एवं डीपीजी डिग्री कॉलेज गुरुग्राम के संयुक्त तत्वावधान में “कचरा, पॉलिथीन, प्रदूषण मुक्त गुरुग्राम” अभियान के तहत व्यापक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण नियंत्रण के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ गुरुग्राम के निर्माण में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ कॉलेज की प्रोफेसर डॉ. प्रिया, कुलपति डॉ. अशोक गोगिया, डॉ. एस.एस. बोकन एवं डॉ. प्रहलाद द्वारा मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का पौधे भेंट कर स्वागत करने के साथ हुआ। इस दौरान पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया तथा विद्यार्थियों को प्रकृति संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

संयुक्त आयुक्त सपना यादव ने कहा कि स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए कचरे का उचित अलगाव बेहद आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे अपने घरों में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखें तथा इस अच्छी आदत को अपने परिवार, मित्रों और समाज के अन्य लोगों तक भी पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

पार्षद विक्रम जीत सिंह ने पॉलिथीन के उपयोग से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में विद्यार्थियों को जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से पॉलिथीन के इस्तेमाल से बचने तथा इसके स्थान पर कपड़े और जूट के थैलों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दैनिक जीवन में किए गए छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास मिलकर बड़े बदलाव का आधार बन सकते हैं। प्रत्येक नागरिक यदि अपनी जिम्मेदारी समझे तो शहर को पॉलिथीन एवं प्रदूषण से मुक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण परिणाम हासिल किए जा सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेश कौशिक ने विद्यार्थियों को डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बीमारी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के बारे में जागरूक करते हुए विद्यार्थियों को अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया।

आईईसी विशेषज्ञ प्रिंका यादव ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के लिए 3आर—रिड्यूज़, रीयूज और रिसाइकिल के सिद्धांत को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि अनावश्यक वस्तुओं की खपत कम करना, उपयोगी वस्तुओं का दोबारा इस्तेमाल करना और कचरे को रिसाइकिल करना पर्यावरण संरक्षण की दिशा में प्रभावी कदम हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में 3आर के सिद्धांतों को अपनाए तो कचरे की मात्रा को कम करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर नगर निगम गुरुग्राम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर कुलदीप हिन्दुस्तानी ने विद्यार्थियों को चार कूड़ेदानों के उचित उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कचरे का सही तरीके से वर्गीकरण एवं निर्धारित कूड़ेदान में उसका निस्तारण स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान विद्यार्थियों ने स्वच्छता बनाए रखने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया।

इस सफल आयोजन में एचएमएस टीम के अनिरुद्ध एवं विकास, डीपीजी डिग्री कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकों तथा विद्यार्थियों का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित लोगों को स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, पर्यावरण संरक्षण एवं स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करते हुए शहर के स्वच्छ एवं हरित भविष्य के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें