गुरुग्राम, 14 नवंबर। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत प्रारंभिक मतदाता सूची में जिन पात्र मतदाताओं के नाम शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें अंतिम मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करवाने का एक और अवसर दिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के संशोधित दिशा-निर्देशों के अनुसार संबंधित मतदाता निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना गणना प्रपत्र भरकर जमा करवा सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी उत्तम सिंह ने जिला के चारों विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) को निर्वाचन आयोग के निर्देशों की तत्काल अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया की जानकारी अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं तक पहुंचाई जाए, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने से वंचित न रहे।
इन मतदाताओं को मिलेगा दोबारा नाम जुड़वाने का अवसर
डीसी ने बताया कि ऐसे मतदाता जिन्हें गणना प्रपत्र जारी किए गए थे, लेकिन अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरे (ASDD) के रूप में चिह्नित होने अथवा गणना प्रपत्र वापस प्राप्त नहीं होने के कारण जिनके नाम 31 जुलाई को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे, उन्हें अब पुनः अपना नाम शामिल करवाने का अवसर दिया गया है। इसके लिए पात्र मतदाताओं को निर्धारित गणना प्रपत्र एवं आवश्यक घोषणा पत्र जमा करवाना होगा। उन्होंने बताया कि गुरुग्राम जिला में 15 जून से 24 जुलाई 2026 तक कुल 15,55,034 मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए थे। इनमें से 11,01,955 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र वापस जमा करवाए थे। शेष में 1,36,257 अनुपस्थित, 25,713 अन्य, 60,970 मृतक, 2,03,491 स्थानांतरित तथा 26,648 पहले से दर्ज अथवा दोहरे मतदाताओं के रूप में चिह्नित किए गए थे।
मतदान केंद्रों एवं ऑनलाइन पोर्टल पर दोबारा प्रदर्शित होगी सूची
डीसी ने बताया कि जिन मतदाताओं के नाम प्रारंभिक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो पाए थे, उनकी मतदान केंद्रवार सूची संबंधित मतदान केंद्रों के नोटिस बोर्ड, ईआरओ एवं एईआरओ कार्यालयों तथा शहरी स्थानीय निकायों के कार्यालयों में दोबारा प्रदर्शित की जाएगी। इसके अतिरिक्त यह सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट पर पीडीएफ प्रारूप में भी उपलब्ध होगी। इसमें नाम शामिल नहीं होने के संभावित कारणों का उल्लेख किया जाएगा।
मतदाता यहां और ऐसे जमा करवाएं गणना प्रपत्र
डीसी ने बताया कि संबंधित मतदाता अपने वर्तमान सामान्य निवास स्थान से जुड़े ईआरओ, एईआरओ अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के पास विधिवत भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा करवा सकते हैं। मतदाता अपने पुराने ईपीआईसी नंबर के माध्यम से निर्वाचन आयोग की वेबसाइट अथवा ECINET ऐप से भी गणना प्रपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि जिन मतदाताओं ने अपना निवास स्थान नहीं बदला है, वे हस्ताक्षरित गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-बी) जमा करवा सकते हैं। इसमें पहले गणना प्रपत्र जमा नहीं करवा पाने का कारण भी बताना होगा। यह प्रपत्र परिवार के किसी सदस्य के माध्यम से भी जमा करवाया जा सकता है।
हरियाणा में दूसरे स्थान पर शिफ्ट हुए मतदाताओं के लिए अलग प्रक्रिया
डीसी ने कहा कि यदि कोई मतदाता हरियाणा के भीतर ही किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित हो गया है, तो उसे फॉर्म-8 जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। ऐसे मतदाताओं को अपने नए पते एवं विधानसभा क्षेत्र का विवरण देते हुए गणना प्रपत्र के साथ निर्धारित घोषणा पत्र (अनुलग्नक-सी) और निवास प्रमाण प्रस्तुत करना होगा। इस प्रक्रिया में नए मतदान केंद्र के बीएलओ से भी सहायता ली जा सकती है। इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट एवं ECINET ऐप पर उपलब्ध ‘बुक ए कॉल विद बीएलओ’ सुविधा का उपयोग किया जा सकता है। यदि मतदाता के पास निवास प्रमाण से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध नहीं हैं, तो बीएलओ की फील्ड वेरिफिकेशन रिपोर्ट भी पर्याप्त होगी।
पहले ही फॉर्म-6 जमा करवाने वालों को दोबारा आवेदन की जरूरत नहीं
डीसी ने बताया कि जिन मतदाताओं ने एसआईआर प्रक्रिया के दौरान नए पंजीकरण के लिए पहले ही फॉर्म-6 जमा करवा दिया है, उन्हें दोबारा गणना प्रपत्र एवं घोषणा पत्र जमा करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। प्राप्त गणना प्रपत्रों एवं संबंधित घोषणाओं का ईआरओ द्वारा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 21(1) के तहत निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सत्यापन एवं निस्तारण किया जाएगा।
राजनीतिक दलों के बीएलए भी करें सहयोग
डीसी उत्तम सिंह ने जिला के सभी चार विधानसभा क्षेत्रों नामतः 75 पटौदी (अ.जा.), 76 बादशाहपुर, 77 गुड़गांव एवं 78 सोहना के ईआरओ, एईआरओ और बीएलओ को निर्देश दिए कि वे इस अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें तथा पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र जमा करवाने की प्रक्रिया में आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाएं। उन्होंने राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के जिला प्रधानों एवं सचिवों से भी अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को जागरूक करें और उन्हें आवश्यक दस्तावेज एवं गणना प्रपत्र जमा करवाने में सहयोग दें।
डीसी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए मतदाता सूची का शुद्ध एवं अद्यतन होना जरूरी है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि कोई भी पात्र मतदाता तकनीकी या प्रक्रियागत कारणों से मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे।




