गुरुग्राम, 13 नवंबर 2026
हरियाणा सरकार की 14 विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के तहत पेंशन प्राप्त कर रहे पात्र लाभार्थियों को जीवन प्रमाण पत्र (लाइफ सर्टिफिकेट) जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है। जिला समाज कल्याण अधिकारी सरफराज खान ने यह जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को नवंबर माह में लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने की अनिवार्यता से छूट दी गई है।
सरफराज खान ने बताया कि समाज कल्याण विभाग के माध्यम से वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा एवं निराश्रित महिला पेंशन और दिव्यांग पेंशन सहित 14 विभिन्न योजनाओं का लाभ प्राप्त कर रहे पात्र लोगों को जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की औपचारिकता पूरी करने की जरूरत नहीं है।
उन्होंने बताया कि नवंबर माह में जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की अनिवार्यता हरियाणा सरकार के कोषागार एवं उप-कोषागार कार्यालयों से पेंशन प्राप्त कर रहे सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए है। ऐसे पेंशनर अपने संबंधित खजाना या उप-खजाना कार्यालय में 25 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं।
इसके अलावा सेवानिवृत्त कर्मचारी स्मार्टफोन के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र भी तैयार कर सकते हैं। वहीं, बीमार और बुजुर्ग पेंशनर, जो कार्यालय जाने में असमर्थ हैं, वे इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधियों के माध्यम से घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवाने की सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
जिला समाज कल्याण अधिकारी ने स्पष्ट किया कि कोषागार एवं उप-कोषागार कार्यालयों से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को मिलने वाली पेंशन और समाज कल्याण विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाएं अलग-अलग श्रेणियों में आती हैं। इसलिए सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करवाने को लेकर परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।







