दिल्ली में पत्रकारों के दीपावली मिलन समारोह में बोले CM नायब सिंह सैनी, कहा- हरियाणा में गरीब परिवारों के युवाओं को बिना सिफारिश मिल रहे अवसर

बिना सिफारिश युवाओं को रोजगार, किसानों को 72 घंटे में भुगतान... दिल्ली में CM नायब सैनी ने गिनाईं हरियाणा सरकार की उपलब्धियां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, 12 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने  नई दिल्ली में आयोजित पत्रकारों के दीपावली मिलन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर  कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और हरियाणा के गोल्डन बॉय एवं पैरालंपिक खिलाड़ी नवदीप सिंह सहित मौजूद अतिथियों और पत्रकारों का स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों को दीपावली और आगामी त्योहारों की शुभकामनाएं भी दीं।मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में उत्सव केवल किसी एक तारीख तक सीमित नहीं होते, बल्कि त्योहारों का उल्लास और उनकी मिठास कई दिनों तक बनी रहती है। छोटी दीपावली से लेकर बड़ी दीपावली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज, छठ पूजा, गोपाष्टमी और गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व तक उत्सवों की यह परंपरा चलती रहती है। उन्होंने बहनों को भाई दूज की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि दीपोत्सव हमारी आस्था और संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग बदलते माहौल के साथ अपनी परंपराओं को देखने का नजरिया बदल लेते हैं, लेकिन हमारे लिए दीपोत्सव हमेशा दीपावली का पर्व ही रहेगा। आस्था, सुविधा और राजनीति को मिलाकर हमारी संस्कृति और परंपराओं को नहीं देखना चाहिए।

पत्रकारों को बताया लोकतंत्र और शासन व्यवस्था का मजबूत सेतु

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे समय से उनकी इच्छा थी कि दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकारों और मीडिया साथियों के साथ बैठकर संवाद किया जाए। पत्रकारों से उनका लगातार मिलना-जुलना और बातचीत होती रहती है, लेकिन दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ इस तरह का आयोजन एक विशेष अवसर है। उन्होंने कहा कि आज वह मुख्यमंत्री के पद की वजह से नहीं, बल्कि अपने परिवार के बीच आए एक सदस्य की तरह पत्रकारों के बीच मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि जनता और शासन के बीच ईमानदार संवाद का पुल तैयार करना भी है। इस पुल की सबसे मजबूत नींव पत्रकार साथी हैं। पत्रकारों की जिम्मेदारी समाजहित में सवाल पूछने और शासन व्यवस्था को जवाबदेह बनाए रखने की भी है। मुख्यमंत्री ने पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार स्वस्थ आलोचना, सकारात्मक सुझाव और निष्पक्ष विचारों का हृदय से स्वागत करती है।

बिना सिफारिश गरीब परिवारों के युवाओं को मिल रहे अवसर

मुख्यमंत्री ने हरियाणा सरकार की पारदर्शी शासन व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सामान्य और गरीब परिवारों के युवाओं को आगे बढ़ने के लिए अब किसी की सिफारिश या अतिरिक्त मदद की जरूरत नहीं है। सरकार ने ऐसी व्यवस्था तैयार की है, जिसमें मेहनत और योग्यता के आधार पर युवाओं को अवसर मिल रहे हैं। इस दौरान उन्होंने हरियाणा के पैरालंपिक खिलाड़ी नवदीप सिंह का उदाहरण देते हुए खेल सुविधाओं और खिलाड़ियों को मिलने वाली प्रोत्साहन राशि का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि बातचीत के दौरान नवदीप सिंह ने दूसरे राज्यों में खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं और हरियाणा की खेल नीति के बारे में चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने और उनकी उपलब्धियों का सम्मान करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार व्यवस्था को बेहतर बनाने और गरीब परिवारों के बच्चों को आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए काम कर रही है। जब किसी सामान्य परिवार का बच्चा अपनी मेहनत से सरकारी सेवा या किसी अन्य क्षेत्र में सफलता हासिल करता है, तो सरकार के प्रयासों को सार्थकता मिलती है।

अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के जीवन में बदलाव ही असली विकास

मुख्यमंत्री ने विकास की परिभाषा पर बात करते हुए कहा कि विकास केवल बड़े भवनों और कागजी आंकड़ों तक सीमित नहीं होना चाहिए। वास्तविक विकास वह है, जिससे समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के चेहरे पर मुस्कान आए और उसके जीवन में सम्मान तथा सुविधाएं बढ़ें। आम नागरिक का रोजमर्रा का जीवन आसान बनाना ही विकास का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने हरियाणा में सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले दिल्ली से फरीदाबाद और हरियाणा के अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले लोगों को लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता था। लेकिन अब सड़क और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में हुए बदलावों से लोगों को राहत मिल रही है।

किसानों के खातों में सीधे पहुंच रहे फसल के पैसे

मुख्यमंत्री ने किसानों के हित में किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि हरियाणा सरकार किसानों की फसल का उचित मूल्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर किसानों की फसल खरीदने और समय पर भुगतान सुनिश्चित करने की दिशा में सरकार काम कर रही है। उन्होंने बताया कि फसल बेचने के बाद किसानों के खातों में 48 से 72 घंटे के भीतर भुगतान पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। मुख्यमंत्री के अनुसार, पिछले 12 वर्षों में किसानों की फसल के लगभग दो लाख करोड़ रुपये सीधे उनके बैंक खातों में पहुंचाए गए हैं।

2047 के विकसित भारत के लक्ष्य में हरियाणा निभा रहा अहम भूमिका

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान अब केवल खेती और खेल के मैदानों तक सीमित नहीं है। प्रदेश पारदर्शी नीतियों, आधुनिक कनेक्टिविटी, औद्योगिक विकास और तेजी से आगे बढ़ती अर्थव्यवस्था के साथ अपनी नई पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर, इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में हरियाणा भी एक मजबूत भागीदार के रूप में आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने मीडिया की भूमिका पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि आज तकनीक के दौर में सूचनाओं की बाढ़ है। ऐसे समय में मीडिया की जिम्मेदारी और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। पत्रकार समाज में सच का दीपक जलाने और जनता तक सही जानकारी पहुंचाने का काम करते हैं। अंत में मुख्यमंत्री ने सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार पत्रकारों के सकारात्मक सुझावों, स्वस्थ आलोचना और निष्पक्ष संवाद का हमेशा स्वागत करती रहेगी।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें