गुरुग्राम, 11 नवंबर
गुरुग्राम में मानसून के दौरान जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने और बरसाती पानी का बेहतर उपयोग करने के लिए हरियाणा सरकार ने योजना तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं। बुधवार को शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने दमदमा झील का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर जल संग्रहण की संभावनाओं पर चर्चा की।
डीएस ढेसी ने वन विभाग के अधिकारियों को अगले दो दिनों में 10 संभावित स्थलों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए, जहां सरकारी जमीन पर बड़े जलाशय विकसित कर बरसाती पानी का भंडारण किया जा सके। योजना के तहत पहले गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम क्षेत्र तथा ग्राम पंचायतों की सरकारी जमीन पर मौजूद जलाशयों की क्षमता बढ़ाई जाएगी और जरूरत के अनुसार नए जलाशय बनाए जाएंगे।
इन जलाशयों में पानी जमा करने के बाद अतिरिक्त पानी दमदमा झील में पहुंचाया जाएगा। इसके बावजूद पानी बचने पर उसे नूंह ड्रेन के माध्यम से यमुना नदी तक पहुंचाने की योजना है।
गौरतलब है कि GMDA ने इंडो-जापानी कंपनी निप्पोन कोई को जलभराव की समस्या के समाधान के लिए चार संभावित विकल्पों का सर्वे करने की जिम्मेदारी दी थी। कंपनी अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंप चुकी है, जिसमें तीन विकल्पों में दमदमा झील को महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है।
बैठक में दमदमा झील के आसपास वन भूमि का राजस्व रिकॉर्ड भी मांगा गया। अधिकारियों को सकतपुर, गैरतपुर बास, भोंडसी, कादरपुर, रिठौज और खेड़ला सहित आसपास के क्षेत्रों में जल संग्रहण के संभावित स्थलों की पहचान करने के निर्देश दिए गए।
इस योजना से शहर में जलभराव कम करने के साथ-साथ बरसाती पानी के संरक्षण और भूजल स्तर बढ़ाने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।








