गुरुग्राम, 6 नवंबर। सुप्रीम कोर्ट के आदेशों की पालना सुनिश्चित करने और दीपावली के त्योहार पर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गुरुग्राम जिला प्रशासन ने अवैध पटाखों के कारोबार के खिलाफ सख्त अभियान छेड़ रखा है। जिले में दिन-रात लगातार छापेमारी की जा रही है। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से भारी मात्रा में पटाखे बरामद किए गए हैं और अवैध रूप से संचालित बड़े-बड़े गोदामों को सील कर दिया गया है। प्रशासन की ओर से नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज किए जा रहे हैं। गुरुग्राम के जिला उपायुक्त उत्तम सिंह के निर्देश पर बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाए गए पटाखों के गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। वहीं, मानेसर, पटौदी और गुरुग्राम क्षेत्र में भी संबंधित एसडीएम की टीमों ने छापेमारी कर पटाखों के गोदाम सील किए और बड़ी संख्या में पटाखे बरामद किए। बादशाहपुर के एसडीएम संजीव सिंगला ने बताया कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि सुप्रीम कोर्ट की पाबंदियों के बावजूद भीड़भाड़ वाले इलाकों में पटाखों की अवैध बिक्री की जा रही है। कुछ स्थानों पर बड़े-बड़े गोदाम और दुकानें बनाकर पटाखों का भंडारण एवं बिक्री की जा रही थी। सूचना मिलते ही विभागीय टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित गोदाम को सील कर दिया।

जिला उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार केवल निर्धारित मानकों के अनुरूप ग्रीन पटाखों की ही अनुमति है। ऐसे पटाखों की बिक्री और भंडारण पर प्रतिबंध है, जिनसे आगजनी एवं अन्य हादसों का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद कुछ क्षेत्रों में अवैध रूप से पटाखों के गोदाम बनाए गए हैं और वहां से गांवों तथा गलियों में पटाखों की बिक्री की जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के सभी एसडीएम और संबंधित अधिकारियों को पटाखों की बिक्री एवं भंडारण पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तुरंत मुकदमे दर्ज किए जाएंगे। एसडीएम संजीव सिंगला ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि बादशाहपुर क्षेत्र में अवैध पटाखों के गोदामों तथा खुलेआम हो रही बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। वह स्वयं भी क्षेत्र का लगातार दौरा कर रहे हैं और कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के त्योहार को सुरक्षित बनाना और अवैध पटाखों के भंडारण एवं बिक्री से होने वाली संभावित दुर्घटनाओं को रोकना है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि इस अभियान में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।







