एसआईआर को लेकर विपक्ष कर रहा भ्रामक प्रचार, मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना जरूरी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

एसआईआर को लेकर विपक्ष कर रहा भ्रामक प्रचार, मतदाता सूची को शुद्ध और पारदर्शी बनाना जरूरी: मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, 5 नवंबर (न्यू इंडिया न्यूज नेटवर्क)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर विपक्ष पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसका उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाना है, न कि किसी व्यक्ति या वर्ग को निशाना बनाना। मुख्यमंत्री वीरवार को करनाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस पदयात्रा को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अमित शाह का हरियाणा की पावन धरती पर पहुंचने पर स्वागत एवं अभिनंदन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दानवीर कर्ण की नगरी करनाल त्याग, सेवा और दान की परंपरा के लिए जानी जाती है। लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक का वोट सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। इसी अधिकार के माध्यम से नागरिक देश और प्रदेश के भविष्य के निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए जरूरी है कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज हो और वह बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। एसआईआर इसी उद्देश्य को पूरा करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है।

मृत और दोहरे नामों की जांच जरूरी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार का स्पष्ट संकल्प है कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। मतदाता सूची में मृत व्यक्तियों के नाम, दोहरी प्रविष्टियों और त्रुटिपूर्ण रिकॉर्ड की नियमानुसार जांच होनी चाहिए और निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवश्यक सुधार किया जाना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने और अपने परिवार के सदस्यों के नाम मतदाता सूची में जरूर जांचें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि मिलती है तो संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नियमानुसार दावा या आपत्ति दर्ज करवाएं।

दीपावली की सफाई से की एसआईआर की तुलना

मुख्यमंत्री ने एसआईआर की प्रक्रिया को समझाते हुए दीपावली का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार दीपावली से पहले हम अपने घरों की सफाई करते हैं, उसी प्रकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मतदाता सूची की शुद्धता और पारदर्शिता भी जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रक्रिया किसी व्यक्ति या वर्ग के खिलाफ नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अधिक मजबूत बनाने का प्रयास है। मुख्यमंत्री ने युवाओं से विशेष रूप से आह्वान किया कि वे लोकतंत्र के प्रति जागरूक रहें, तथ्यों को समझें और संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए। हरियाणा की पहचान मेहनत, ईमानदारी, भाईचारे और राष्ट्रभक्ति से है और इन मूल्यों को बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

हर गांव और वार्ड में मतदाताओं को जागरूक करेंगे कार्यकर्ता

मुख्यमंत्री ने पदयात्रा में शामिल माताओं-बहनों, युवाओं, किसानों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता का अधिकार सुरक्षित रखना, मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाना और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में जनभागीदारी बढ़ाना सभी का सामूहिक दायित्व है।उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे हर गांव और वार्ड में जाकर लोगों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के लिए प्रेरित करें। जिन लोगों के नाम मतदाता सूची से छूट गए हैं, उनकी निर्धारित प्रक्रिया के तहत सहायता करें। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं की मदद करने पर जोर दिया। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में एसआईआर को लेकर लोगों को जागरूक किया जाएगा और मतदाता सूची की शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए जनभागीदारी बढ़ाई जाएगी।

कई वरिष्ठ नेता और मंत्री पदयात्रा में हुए शामिल

इस पदयात्रा में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, हरियाणा भाजपा की प्रभारी एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार, राव नरबीर सिंह, महिपाल ढांडा, डॉ. अरविंद शर्मा और कृष्ण बेदी सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इसके अलावा राज्य मंत्री गौरव गौतम, डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा, गवर्नमेंट चीफ व्हिप एवं विधायक राम कुमार कश्यप, विधायक जगमोहन आनंद, भगवानदास कबीरपंथी और योगेंद्र राणा सहित पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और आम नागरिक मौजूद रहे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें

गलत प्रॉपर्टी ID बनाने पर बड़ा एक्शन! दो अधिकारियों की 3 महीने तक 50% सैलरी कटेगी, चार्जशीट और NCR से बाहर तबादले के निर्देश।

जनसमस्याओं की अनदेखी पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक्शन मोड में, गुरुग्राम में विभिन्न अधिकारियों पर लिया एक्शन , गलत प्रॉपर्टी आईडी बनाने पर दो अधिकारियों की तीन माह तक 50 प्रतिशत सैलरी काटने, चार्जशीट और एनसीआर से बाहर तबादले के निर्देश