पंजाब चुनाव को लेकर अमित शाह और मुख्यमंत्री नायब सैनी की अहम बैठक, तीसरी बार केंद्रीय गृह मंत्री ने थपथपाई CM की पीठ, पंजाब में मेहनत रंग लाने का दिया संदेश

अमित शाह, नायब सिंह सैनी, पंजाब विधानसभा चुनाव, हरियाणा भाजपा, पंजाब भाजपा, अंबाला रैली, शहीदी स्मारक संग्रहालय, हरियाणा की राजनीति, भाजपा चुनावी रणनीति

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

नई दिल्ली, 4 नवंबर (न्यू इंडिया न्यूज नेटवर्क)। पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक तैयारियां तेज करनी शुरू कर दी हैं। इसी कड़ी में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के बीच दिल्ली में लंबी बैठक हुई। बैठक में पंजाब की राजनीतिक परिस्थितियों, आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और पंजाब में भाजपा संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान हरियाणा के संगठन को पंजाब में और अधिक सक्रिय करने तथा वहां पार्टी की गतिविधियों को गति देने पर भी जोर दिया गया। बैठक की खास बात यह रही कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के कामकाज की प्रशंसा की और उनकी पीठ थपथपाई। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, अमित शाह ने लगातार तीसरी बार मुख्यमंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि हरियाणा में जिस तरह विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है, उसी तरह पंजाब में भी मेहनत करने की जरूरत है। उन्होंने मुख्यमंत्री को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जनता उनके साथ है और पंजाब में उनकी मेहनत का लाभ पार्टी को मिल सकता है।

पंजाब में सक्रिय हैं नायब सैनी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पिछले कुछ समय से पंजाब में लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। वे वहां पार्टी के कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं और संगठन के नेताओं से भी संपर्क बनाए हुए हैं। हरियाणा में भाजपा की सरकार और संगठन के अनुभव का इस्तेमाल पंजाब में पार्टी को मजबूत करने के लिए किए जाने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक, अमित शाह ने मुख्यमंत्री को पंजाब में अपनी सक्रियता और बढ़ाने तथा हरियाणा के संगठनात्मक ढांचे को भी पंजाब में पार्टी के पक्ष में सक्रिय करने के निर्देश दिए। भाजपा की रणनीति के तहत हरियाणा और पंजाब के बीच राजनीतिक और संगठनात्मक समन्वय को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

हरियाणा में विकास और उद्योगों के आने पर अमित शाह ने की तारीफ

बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हरियाणा में हो रहे विकास कार्यों और प्रदेश में बड़े उद्योगों के आने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि हरियाणा में विकास की रफ्तार बढ़ी है और बड़े उद्योगों का निवेश प्रदेश के लिए सकारात्मक संकेत है। यह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की मेहनत का परिणाम है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री का आभार जताते हुए कहा कि हरियाणा की जनता के विश्वास और केंद्र सरकार के सहयोग एवं मार्गदर्शन से प्रदेश में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हरियाणा को विकास के नए आयामों तक पहुंचाने के लिए काम कर रही हैं। प्रदेश में उद्योग, रोजगार, बुनियादी सुविधाओं और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।

5 नवंबर की अंबाला रैली को लेकर भी हुई चर्चा

दिल्ली में हुई इस बैठक में 5 नवंबर को अंबाला में होने वाली जनसभा की तैयारियों को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम की तैयारियों और आयोजन से जुड़ी जानकारियां केंद्रीय गृह मंत्री के साथ साझा कीं। अंबाला में होने वाली इस जनसभा को लेकर भाजपा संगठन भी सक्रिय है और इसे राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

अंबाला का शहीदी स्मारक संग्रहालय होगा विशेष आकर्षण

बैठक के दौरान अंबाला में बनकर तैयार शहीदी स्मारक संग्रहालय का विषय भी चर्चा में रहा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को संग्रहालय की विशेषताओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह संग्रहालय देश के लिए एक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक और गौरवशाली धरोहर साबित होगा। इसमें देश के स्वतंत्रता संग्राम और शहीदों के बलिदान से जुड़ी स्मृतियों को सहेजने का प्रयास किया गया है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि यह संग्रहालय अपनी विशेषताओं और भव्यता के लिहाज से अनूठा होगा और देश-विदेश से लोग इसे देखने के लिए अंबाला पहुंचेंगे। उन्होंने अमित शाह को संग्रहालय के उद्घाटन समारोह में शामिल होने का निमंत्रण दिया और उनसे इसका अवलोकन करने का आग्रह भी किया।

पंजाब और हरियाणा की राजनीति के लिहाज से अहम बैठक

अमित शाह और नायब सिंह सैनी के बीच हुई इस बैठक को भाजपा की आगामी राजनीतिक रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। एक तरफ हरियाणा में सरकार के कामकाज और विकास योजनाओं को लेकर मुख्यमंत्री की सराहना की गई, वहीं दूसरी तरफ पंजाब में भाजपा के संगठन को मजबूत करने और चुनावी तैयारियों को गति देने पर चर्चा हुई। अब देखना होगा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री और भाजपा संगठन की पंजाब में बढ़ती सक्रियता आगामी चुनावी राजनीति में पार्टी को कितना लाभ पहुंचाती है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें

गलत प्रॉपर्टी ID बनाने पर बड़ा एक्शन! दो अधिकारियों की 3 महीने तक 50% सैलरी कटेगी, चार्जशीट और NCR से बाहर तबादले के निर्देश।

जनसमस्याओं की अनदेखी पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक्शन मोड में, गुरुग्राम में विभिन्न अधिकारियों पर लिया एक्शन , गलत प्रॉपर्टी आईडी बनाने पर दो अधिकारियों की तीन माह तक 50 प्रतिशत सैलरी काटने, चार्जशीट और एनसीआर से बाहर तबादले के निर्देश

गलत प्रॉपर्टी ID बनाने पर बड़ा एक्शन! दो अधिकारियों की 3 महीने तक 50% सैलरी कटेगी, चार्जशीट और NCR से बाहर तबादले के निर्देश।

जनसमस्याओं की अनदेखी पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक्शन मोड में, गुरुग्राम में विभिन्न अधिकारियों पर लिया एक्शन , गलत प्रॉपर्टी आईडी बनाने पर दो अधिकारियों की तीन माह तक 50 प्रतिशत सैलरी काटने, चार्जशीट और एनसीआर से बाहर तबादले के निर्देश