नवंबर माह में पेंशन प्राप्त करने के लिए पेंशनरों को देना होगा जीवन प्रमाण पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 11 नवंबर।

हरियाणा सरकार से सेवानिवृत्त पेंशनरों को अपनी पेंशन प्राप्त करने के लिए नवंबर माह में अपना जीवित होने का प्रमाण पत्र (जीवन प्रमाण पत्र) जमा करवाना होगा। इस संबंध में खजाना अधिकारी, गुरुग्राम नैन्सी यादव ने बताया कि जिले के कोषागारों एवं उप-कोषागार कार्यालयों से पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों को नवंबर माह में जीवन प्रमाण पत्र देना अनिवार्य है।
उन्होंने बताया कि पेंशनर अपने संबंधित खजाना अथवा उप-खजाना कार्यालय में 25 नवंबर तक जीवन प्रमाण पत्र जमा करवा सकते हैं। इसके अतिरिक्त, पेंशनर अपने स्मार्टफोन के माध्यम से भी घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर सकते हैं। इसके लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा का लाभ लिया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम खजाना कार्यालय से लगभग आठ हजार पेंशनर पेंशन प्राप्त कर रहे हैं। इन सभी पेंशनरों की सुविधा के लिए कार्यालय की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने पेंशनरों से निर्धारित समय सीमा के भीतर जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने की अपील की, ताकि पेंशन प्राप्त करने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। हरियाणा सरकार के खजाना एवं उप-खजाना कार्यालयों, विशेषकर सोहना, फर्रुखनगर और पटौदी से पेंशन प्राप्त करने वाले पेंशनरों को अपने संबंधित कार्यालय में जीवन प्रमाण पत्र देना होगा। जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाने के लिए पेंशनर को अपना आधार कार्ड, बैंक खाते से संबंधित विवरण तथा मोबाइल नंबर साथ लेकर जाना चाहिए। पारिवारिक पेंशन प्राप्त कर रहे पेंशनरों को पुनर्विवाह न करने का प्रमाण पत्र भी देना होगा। आश्रित बच्चों को परिवार पहचान पत्र के अनुसार अपना आय प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना आवश्यक है।

उन्होंने बताया कि बीमार एवं बुजुर्ग पेंशनर, जिन्हें खजाना कार्यालय आने में असमर्थता होती है, वे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट सुविधा के माध्यम से घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसके लिए इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के प्रतिनिधियों के माध्यम से निर्धारित शुल्क पर यह सुविधा प्राप्त की जा सकती है। इच्छुक पेंशनर https://www.ippbonline.com/web/ippb/digital-life-certificate1 पर जाकर इस सुविधा की जानकारी ले सकते हैं।
उन्होंने बताया कि पेंशनर अपने स्मार्टफोन में आधार फेस ऑथेंटिकेशन के माध्यम से भी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर सकते हैं। इसके लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी करके घर बैठे ही प्रमाण पत्र जमा करवाने की सुविधा उपलब्ध है।
उन्होंने सभी पेंशनरों से अपील की कि वे समय रहते अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करवाएं और पेंशन संबंधी औपचारिकताएं पूरी करें।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें