तालाब में डूबने से दो नाबालिग बच्चियों की मौत, पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जुटाए साक्ष्य और दर्ज किया मुकदमा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम: 11 नवंबर 2026

गुरुग्राम के सेक्टर-71, फाजिलपुर क्षेत्र में एक निर्माणाधीन/कच्चे तालाब में नहाने के दौरान दो नाबालिग बच्चियों की डूबने से हुई दुखद मौत के मामले में गुरुग्राम पुलिस द्वारा तत्परता से कार्यवाही करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित करके नियमानुसार अभियोग अंकित किया गया है।

▪️मामले का घटनाक्रम: दिनांक 10 नवंबर 2026 को दोपहर समय करीब 12:30 बजे से 1:00 बजे के बीच सेक्टर-71, फाजिलपुर, गुरुग्राम स्थित एक कच्चे तालाब में नहाने के लिए गई दो नाबालिग बच्चियां, जिनकी आयु लगभग 12 वर्ष बताई गई है, पानी में डूब गईं। बच्चियों के पिता द्वारा पुलिस टीम को इस सम्बंध में दी गई शिकायत में बतलाया कि तालाब के चारों ओर कोई पक्की चारदीवारी नहीं है, केवल लोहे की टीन लगाई गई है और बीच में खाली जगह छोड़ी गई है। इसी संबंध में शिकायतकर्ता ने लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही की मांग की।

▪️गुरुग्राम पुलिस की तत्परता एवं कार्यवाही: घटना की सूचना ERV-272 के माध्यम से प्राप्त होने पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने घटनाक्रम की जानकारी प्राप्त की। वहां मौजूद सुरक्षा गार्ड द्वारा पुलिस को बताया गया कि दोनों बच्चियों को पानी से निकालकर सेक्टर-10 स्थित अस्पताल ले जाया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा सीन ऑफ क्राइम टीम को घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा घटनास्थल से संबंधित आवश्यक साक्ष्य, जिनमें मृतक बच्चियों के कपड़े एवं तालाब के पानी का नमूना शामिल है। इसके उपरांत पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टर द्वारा दोनों बच्चियों को मृत घोषित किया गया। पुलिस द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया अमल में लाई गई।

▪️अभियोग दर्ज कर जांच प्रारंभ: मृतक बच्चियों के पिता की लिखित शिकायत के आधार पर थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम में दिनांक 10 नवंबर 2026 को धारा 106 एवं 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत अभियोग अंकित किया गया है। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल से संबंधित तथ्यों, उपलब्ध साक्ष्यों एवं कथित लापरवाही के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के दौरान जो भी व्यक्ति कानूनन जिम्मेदार पाया जाएगा, उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।

▪️गुरुग्राम पुलिस की अपील: गुरुग्राम पुलिस आमजन से अपील करती है कि खुले तालाबों, गहरे गड्ढों, निर्माणाधीन स्थलों एवं अन्य जलभराव वाले खतरनाक स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। ऐसे स्थानों को सुरक्षित करने के लिए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित किए जाने चाहिए तथा बच्चों को ऐसे खतरनाक स्थानों के आसपास अकेले जाने से रोकें। गुरुग्राम पुलिस आमजन की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्ध है तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से संबंधित शिकायत पर नियमानुसार प्रभावी कानूनी कार्यवाही सुनिश्चित करती है।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें