गौचर, 14 नवंबर 2026
अंतरराष्ट्रीय गौचर मेले के उद्घाटन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गौचर प्रेस क्लब के फोल्डर का विमोचन किया। इस दौरान उन्होंने प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए आश्वासन दिया कि प्रेस क्लब के लिए जमीन उपलब्ध होने पर भवन निर्माण के लिए राज्य सरकार की ओर से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री के इस आश्वासन से गौचर प्रेस क्लब के सदस्यों में उत्साह है। प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने इसे पत्रकारों के लिए महत्वपूर्ण पहल बताया है।
दरअसल, गौचर प्रेस क्लब का पंजीकरण होने के बाद 21 अक्टूबर को क्लब के कार्यालय का शुभारंभ और पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया था। कार्यालय का उद्घाटन नगरपालिका अध्यक्ष संदीप नेगी ने किया था, जबकि पदाधिकारियों को शपथ उपजिलाधिकारी अलकेश नौडियाल ने दिलाई थी।
इसके बाद गौचर मेले के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रेस क्लब के फोल्डर का विमोचन करते हुए भवन निर्माण के लिए जमीन उपलब्ध कराने और जमीन मिलने के बाद सरकार की ओर से आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री द्वारा प्रेस क्लब के भवन निर्माण के लिए धनराशि उपलब्ध कराने का आश्वासन दिए जाने पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर अनिकेत के संपादक अनसूया प्रसाद मलासी, ब्लॉक प्रमुख कर्णप्रयाग दीपिका मैखुरी, पत्रकार रजपाल बिष्ट, जगदीश पोखरियाल, कालिका प्रसाद सिरस्वाल, भाजपा के पूर्व प्रदेश संयोजक टीका प्रसाद मैखुरी, पूर्व कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम शास्त्री, राजा तिवारी, सूचना अधिकारी धीरज तिवारी तथा मेला अधिकारी एवं उपजिलाधिकारी कर्णप्रयाग अलकेश नौडियाल सहित अन्य लोगों ने गौचर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई दी।
प्रेस क्लब के लिए भवन निर्माण की दिशा में मुख्यमंत्री का यह आश्वासन क्षेत्र के पत्रकारों को एक स्थायी कार्यालय उपलब्ध कराने की उम्मीद जगाता है।



