चंडीगढ़, 16 नवंबर 2026। हरियाणा के सोहना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण परियोजना को मंजूरी मिली है। सोहना चौक पर 340.78 करोड़ रुपये की लागत से 2.75 किलोमीटर लंबा 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से सोहना में लगने वाले यातायात जाम से राहत मिलने के साथ गुरुग्राम और नूंह के बीच आवागमन भी अधिक सुगम होने की उम्मीद है।हरियाणा के लोक निर्माण एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने इस परियोजना के लिए 340.78 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया है। मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि यह एलिवेटेड कॉरिडोर एनएच-919 और एनएच-248ए के जंक्शन पर बनाया जाएगा। इसके निर्माण से गुरुग्राम-नूंह के बीच गुजरने वाले वाहनों को स्थानीय यातायात और क्रॉस ट्रैफिक से अलग रास्ता मिलेगा। इससे वाहन चालकों को अधिक सुगम और निर्बाध आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।
सोहना चौक पर कम होगा यातायात का दबाव
रणबीर गंगवा ने कहा कि सोहना क्षेत्र में लगातार बढ़ते यातायात और तेजी से हो रहे शहरीकरण को देखते हुए यह परियोजना काफी महत्वपूर्ण है। एलिवेटेड कॉरिडोर बनने से सोहना चौक पर वाहनों का दबाव कम होगा। इसके साथ ही सड़क की क्षमता बढ़ेगी और यात्रियों के समय की बचत होगी। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे और कुंडली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेसवे के साथ क्षेत्र की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी। इससे गुरुग्राम, सोहना और नूंह के बीच यात्रा करने वाले लोगों तथा वाहन चालकों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
आधुनिक सड़क नेटवर्क को मिलेगा बढ़ावा
लोक निर्माण मंत्री ने कहा कि हरियाणा में मजबूत और आधुनिक सड़क नेटवर्क तैयार करना राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में बढ़ते यातायात के अनुसार सड़क बुनियादी ढांचे को विकसित किया जाए, ताकि लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधाएं मिल सकें।उन्होंने कहा कि सोहना का एलिवेटेड कॉरिडोर केवल मौजूदा यातायात समस्या को कम करने में ही मददगार नहीं होगा, बल्कि क्षेत्र की भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भी बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी का जताया आभार
मंत्री रणबीर गंगवा ने इस परियोजना को मंजूरी प्रदान करने के लिए केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार के समन्वित प्रयासों से प्रदेश में सड़क बुनियादी ढांचे को लगातार मजबूती मिल रही है। 340.78 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह 6-लेन एलिवेटेड कॉरिडोर सोहना क्षेत्र के यातायात और कनेक्टिविटी के लिहाज से महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ-साथ गुरुग्राम-नूंह मार्ग से गुजरने वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।







