गुरुग्राम, 16 नवंबर 2026। गुरुग्राम को स्वच्छ, सुंदर और प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि 15 जनवरी तक नगर निगम क्षेत्र की सभी मुख्य सड़कों को धूल मुक्त, निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट मुक्त और कचरा मुक्त बनाया जाए। इसके लिए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने के साथ नियमित फील्ड निरीक्षण और तकनीक आधारित निगरानी व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया गया है। निगमायुक्त डॉ. पंकज सोमवार को अपने कार्यालय में सफाई एवं प्रदूषण नियंत्रण कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केवल कार्यालय में बैठकर समीक्षा करने से सफाई व्यवस्था में सुधार नहीं होगा। अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करना होगा और कमियां मिलने पर तुरंत सुधारात्मक कार्रवाई करनी होगी।
सप्ताह में तीन बार फील्ड विजिट करना अनिवार्य
निगमायुक्त ने सभी संयुक्त आयुक्तों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने जोन में सप्ताह में कम से कम तीन बार फील्ड विजिट करें। निरीक्षण के दौरान इंस्पेक्शन ऐप का इस्तेमाल अनिवार्य रहेगा, ताकि निरीक्षण और कार्यों की स्थिति का रिकॉर्ड उपलब्ध हो सके। उन्होंने अधिकारियों को सफाई व्यवस्था, धूल नियंत्रण, कचरा प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए।
सुबह 9 बजे तक साफ होने चाहिए सभी जीवीपी
शहर में गार्बेज वर्नेबल पॉइंट्स (जीवीपी) पर कचरा जमा होने की समस्या को खत्म करने के लिए निगमायुक्त ने विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक जीवीपी पर समर्पित सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए और सभी जीवीपी को सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखा जाए।उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर के सभी जीवीपी प्रतिदिन सुबह 9 बजे तक साफ होने चाहिए। सफाई के बाद यदि कोई व्यक्ति दोबारा वहां कचरा डालता है तो सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से उसकी पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
हर महीने 2000 चालान करने का लक्ष्य
स्वच्छता और प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निगमायुक्त ने प्रतिमाह 2000 चालान करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। खुले में कचरा डालने, गंदगी फैलाने और प्रदूषण नियंत्रण नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ नियमानुसार चालान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कार्रवाई जरूरी है, ताकि शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिल सके।
स्वीपिंग मशीनों और एंटी-स्मॉग गन पर होगी जीपीएस निगरानी
सफाई और प्रदूषण नियंत्रण के लिए इस्तेमाल होने वाली रोड स्वीपिंग मशीनों, एंटी-स्मॉग गन और वाटर स्प्रिंकलर की निगरानी व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा। निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि इन मशीनों और वाहनों पर जीपीएस ट्रैकिंग तथा सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे मशीनों और वाहनों के संचालन तथा उनके निर्धारित कार्यों की निगरानी की जा सकेगी। इसके अलावा शहर में सेंसर आधारित डस्टबिन लगाने की दिशा में भी आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
1500 बल्क वेस्ट जनरेटरों का हुआ पंजीकरण
ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए बल्क वेस्ट जनरेटर (बीडब्ल्यूजी) का पोर्टल पर पंजीकरण कराने के निर्देश दिए गए। बैठक में बताया गया कि अब तक 1500 बल्क वेस्ट जनरेटरों का पंजीकरण किया जा चुका है। निगमायुक्त ने शेष संस्थानों का भी जल्द पंजीकरण कराने और पोर्टल के माध्यम से उनकी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
बाजारों और पार्कों में बनेंगे सार्वजनिक शौचालय
नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सार्वजनिक और सामुदायिक शौचालयों की स्थिति सुधारने पर भी जोर दिया गया। निगमायुक्त ने अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार नए शौचालयों के निर्माण के लिए उपयुक्त स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विशेष रूप से बाजारों और पार्कों में शौचालय निर्माण की संभावनाएं तलाशने तथा जरूरत वाले क्षेत्रों में यूरिनल की व्यवस्था करने को कहा।
बायोमीट्रिक हाजिरी नहीं लगाने पर नहीं मिलेगा वेतन
नगर निगम के कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली में जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए बायोमीट्रिक हाजिरी अनिवार्य कर दी गई है। निगमायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्धारित व्यवस्था के अनुसार बायोमीट्रिक उपस्थिति दर्ज नहीं कराने वाले कर्मचारियों का वेतन जारी नहीं किया जाएगा।
अवैध निर्माण पर नोटिस, सीलिंग और एफआईआर के निर्देश
निगमायुक्त ने प्रवर्तन शाखा को भी सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नोटिस जारी किए जाएं। जरूरत पड़ने पर अवैध निर्माण वाली संपत्तियों को सील करने और संबंधित मामलों में एफआईआर दर्ज कराने की कार्रवाई भी की जाए।
समयसीमा में काम पूरा करने पर जोर
निगमायुक्त डॉ. पंकज ने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि सफाई, प्रदूषण नियंत्रण, ठोस कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक सुविधाओं और प्रवर्तन संबंधी कार्यों में समयबद्धता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। नगर निगम का लक्ष्य 15 जनवरी तक सभी मुख्य सड़कों को धूल, सीएंडडी वेस्ट और कचरे से मुक्त करना, जीवीपी की संख्या कम करना और प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को प्रभावी बनाना है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों को लक्ष्य और जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।






