गुरुग्राम : 06 मार्च 2026
आगामी अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष में आगंतुक महिलाओं और कार्यरत महिलाओं को और अधिक स्वच्छ तथा सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए गुरुग्राम पुलिस की पहल
महिला पुलिसकर्मियों व महिला शिकायतकर्ताओं की सुविधा हेतु महिला थाना सैक्टर-51, गुरुग्राम में ‘ShEnergy Hub’ स्थापित, पुलिस आयुक्त गुरुग्राम श्री विकास अरोड़ा ने किया उद्घाटन।
महिला दिवस के उपलक्ष्य में गुरुग्राम पुलिस की पहल, थाना परिसर में स्वच्छता, सुविधा व पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा।
▪️अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आज दिनांक 06.03.2026 को विकास अरोड़ा, IPS पुलिस आयुक्त गुरुग्राम द्वारा महिला थाना सैक्टर-51, गुरुग्राम परिसर में ‘ShEnergy Hub’ का उद्घाटन किया गया। इस पहल का उद्देश्य विशेष रूप से महिला पुलिसकर्मियों और महिला शिकायतकर्ताओं को बेहतर, सुरक्षित व सम्मानजनक सुविधाएँ उपलब्ध कराना है।
▪️इस परियोजना के अंतर्गत महिला थाना सैक्टर-51, गुरुग्राम परिसर के सभी वॉशरूम्स को आधुनिक रूप से रेट्रोफिट किया गया है, पूरे जल पाइपलाइन नेटवर्क को बदला गया है तथा भवन की छत की वॉटरप्रूफिंग करवाई गई है। इन सुधारों से न केवल स्वच्छता और सुविधाओं में वृद्धि होगी, बल्कि यहाँ कार्यरत पुलिसकर्मियों और आने वाले लोगों के लिए बेहतर वातावरण भी सुनिश्चित होगा।
▪️परियोजना में पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए रेन गार्डन का निर्माण किया गया है तथा पहले से स्थापित रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम की सफाई व सुधार भी किया गया है। इसके अतिरिक्त परिसर में सोलर प्लांट की स्थापना की गई है, जिससे यह परिसर ऊर्जा के क्षेत्र में अधिक टिकाऊ और आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा।
▪️इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री विकास अरोड़ा IPS, पुलिस आयुक्त, गुरुग्राम ने कहा कि पुलिस थाना केवल एक प्रशासनिक स्थान नहीं होता, बल्कि यह वह स्थान है जहाँ लोग न्याय और सहायता की आशा लेकर आते हैं। इसलिए यह आवश्यक है कि थाना परिसर का वातावरण सुरक्षित, स्वच्छ और सम्मानजनक हो, ताकि यहाँ आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सकारात्मक अनुभव प्राप्त हो सके।
▪️इस पहल के सफल क्रियान्वयन में *गीली मिट्टी फाउंडेशन तथा Concentrix का विशेष योगदान रहा है। पुलिस आयुक्त गुरुग्राम ने इस परियोजना के समर्थन के लिए Concentrix के CSR कार्यक्रम की सराहना करते हुए रविंदर सिंह राणा (EVP एवं Chief Business Officer – Client Success) तथा दीपक वाधवान (SVP – India Operations) सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ShEnergy Hub केवल बुनियादी ढाँचे का सुधार नहीं, बल्कि सम्मान, स्वच्छता और स्थिरता की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
▪️इस अवसर पर पुलिस अधिकारी/कर्मचारी, सामाजिक संगठनों तथा परियोजना से जुड़े प्रतिनिधी उपस्थित रहे।







