पानीपत, 18 नवंबर। वैदिक परिवार पानीपत के तत्वावधान में 20, 21 और 22 नवंबर 2026 को तीन दिवसीय गायत्री महायज्ञ, संस्कारशाला एवं वार्षिकोत्सव समारोह का आयोजन किया जाएगा। समारोह में वैदिक संस्कृति, यज्ञ परंपरा, संस्कार और आध्यात्मिक चेतना से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे। इस आयोजन में अंतरराष्ट्रीय वैदिक विद्वान स्वामी सच्चिदानंद जी मुख्य वक्ता एवं मार्गदर्शक के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं आचार्य संजीव वेदालंकार जी यज्ञ ब्रह्मा के रूप में वैदिक विधि-विधान से यज्ञ संपन्न करवाएंगे।
पहले दिन तीन स्थानों पर होंगे कार्यक्रम
समारोह के पहले दिन 20 नवंबर, शुक्रवार को सुबह 9:30 बजे राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल, जीटी रोड पानीपत में संस्कारशाला आयोजित होगी। इसमें हरियाणा सरकार के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इसी दिन सुबह 11:30 बजे आर्य बाल भारती स्कूल, पानीपत में कार्यक्रम होगा। इसकी अध्यक्षता स्कूल के प्रधान रणदीप आर्य करेंगे, जबकि एसडीएम पानीपत मनदीप कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
दूसरे दिन पानीपत और घरौंडा में आयोजन
21 नवंबर, शनिवार को सुबह 9:30 बजे डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूल, पानीपत में संस्कारशाला का आयोजन किया जाएगा। इसमें भाजपा हरियाणा की प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। इसके बाद सुबह 11:30 बजे आईसीएस कोचिंग सेंटर एवं एशियन इंस्टीट्यूट, घरौंडा में कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें एसडीएम घरौंडा अनुभव मेहता मुख्य अतिथि होंगे।
22 नवंबर को आनंद पार्क में होगा मुख्य समारोह
तीन दिवसीय आयोजन के अंतिम दिन 22 नवंबर, रविवार को सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक गायत्री महायज्ञ एवं वार्षिकोत्सव समारोह आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम आनंद पार्क, सेक्टर-12 पानीपत में होगा। इसमें प्रसिद्ध समाजसेवी गंगा राम मंगला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
वैदिक संस्कृति और संस्कारों का प्रचार-प्रसार उद्देश्य
वैदिक परिवार पानीपत के प्रधान डॉ. पवन बंसल ने बताया कि इस तीन दिवसीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य वैदिक संस्कृति, यज्ञ परंपरा, संस्कार, आध्यात्मिक चेतना और भारतीय जीवन मूल्यों का प्रचार-प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि गायत्री महायज्ञ के माध्यम से समाज में सकारात्मक ऊर्जा, सद्भावना, पर्यावरण संरक्षण और मानव कल्याण का संदेश दिया जाएगा। डॉ. पवन बंसल ने शहरवासियों से परिवार सहित कार्यक्रमों में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से लोगों को वैदिक ज्ञान, यज्ञ परंपरा और आध्यात्मिक वातावरण से जुड़ने का अवसर मिलेगा।



