गुरुग्राम, 18 नवंबर। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) शहर में हरित क्षेत्रों को बेहतर बनाने, उनके रखरखाव और सौंदर्यीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाने जा रहा है। इसके तहत प्राधिकरण ने विभिन्न सेक्टरों की मास्टर सड़कों के साथ लगते ग्रीन एरिया के विकास, अपग्रेडेशन और रखरखाव के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। इन कार्यों पर लगभग 4.22 करोड़ रुपये की लागत आएगी। वहीं, सेक्टर 21, 22 और 23 की ग्रीन बेल्ट में बाउंड्री वॉल की मरम्मत एवं निर्माण तथा फेंसिंग के कार्य पर 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दोनों परियोजनाओं पर कुल 6.22 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
जीएमडीए के प्रवक्ता ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर 4/9ए, 4/3ए, 3ए/9ए, 5/6, 21/22 और 22/23 को विभाजित करने वाली मास्टर सड़कों के साथ विकसित हरित क्षेत्रों का सुधार और रखरखाव किया जाएगा। इस परियोजना के तहत ग्रीन एरिया को बेहतर बनाने के साथ-साथ उनके समुचित रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाएगा। इस कार्य को ठेका आवंटित होने के बाद छह माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अलावा, जीएमडीए सेक्टर 21, 22 और 23 की ग्रीन बेल्ट में सुरक्षा और संरक्षण से जुड़े कार्य भी करवाएगा। इसके तहत गांव मुल्लाहेड़ा की ओर से आनंद फार्म तक तथा रेजांगला चौक से मुल्लाहेड़ा कट तक ग्रीन बेल्ट में बाउंड्री वॉल की मरम्मत, नई बाउंड्री वॉल के निर्माण और फेंसिंग का कार्य किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 2 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। कार्य को ठेका आवंटित होने के बाद आठ माह में पूरा किया जाएगा।इन दोनों परियोजनाओं के पूरा होने से संबंधित सेक्टरों के साथ लगते हरित क्षेत्रों का रखरखाव बेहतर होगा। साथ ही ग्रीन बेल्ट की सीमाओं को सुरक्षित करने और उनकी स्थिति में सुधार लाने में मदद मिलेगी। जीएमडीए की इन योजनाओं से शहर के हरित बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलने की उम्मीद है।



