चंडीगढ़/जींद, 23 नवंबर। हरियाणा में अपनी मांगों को लेकर अतिथि अध्यापकों ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। प्रदेशभर के करीब 12 हजार गेस्ट टीचर 24 नवंबर को ‘तानाशाही दिवस’ मनाएंगे। इस दौरान प्रदेश के सभी 90 विधायकों को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों और समस्याओं से अवगत कराया जाएगा। इस संबंध में जींद की ब्राह्मण धर्मशाला में हरियाणा अतिथि अध्यापक संघ संयुक्त मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेशभर के गेस्ट टीचरों के सभी संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक में आंदोलन की आगामी रणनीति पर चर्चा की गई और सर्वसम्मति से 24 नवंबर को प्रदेशव्यापी ‘तानाशाही दिवस’ मनाने का फैसला लिया गया। बैठक की खास बात यह रही कि गेस्ट टीचरों के प्रदेश के सभी संगठन एक मंच पर एकजुट हुए। सभी संगठनों ने मिलकर आगामी संघर्ष लड़ने और अपनी मांगों को सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया। इसके तहत 24 नवंबर को प्रदेश के सभी 90 विधायकों को ज्ञापन सौंपे जाएंगे। गेस्ट टीचरों के मीडिया प्रभारी डॉ. अजय लोहान ने इस फैसले की जानकारी देते हुए बताया कि 26 नवंबर को हरियाणा सरकार संविधान दिवस मनाएगी। इससे दो दिन पहले यानी 24 नवंबर को प्रदेश के अतिथि अध्यापक ‘तानाशाही दिवस’ के रूप में मनाएंगे। अतिथि अध्यापकों का आरोप है कि सरकार द्वारा कोर्ट के फैसले को लागू नहीं किया जा रहा है। इसी मुद्दे को लेकर गेस्ट टीचरों में नाराजगी है। उनका कहना है कि न्यायालय के फैसले को लागू नहीं किए जाने के विरोध में वे लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करेंगे। संयुक्त मोर्चा की बैठक में सभी संगठनों की एकजुटता को आगामी आंदोलन के लिए महत्वपूर्ण कदम माना गया। अब 24 नवंबर को प्रदेशभर में होने वाले कार्यक्रम के तहत विधायक स्तर पर ज्ञापन सौंपकर अतिथि अध्यापक अपनी मांगों को उठाएंगे।







