नई दिल्ली, 23 नवंबर। हरियाणा के गुरुग्राम में विकसित की जा रही ग्लोबल सिटी को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि यह परियोजना भविष्य में देश के प्रमुख आधुनिक शहरों में अपनी पहचान बनाएगी। दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक विकसित हो रही इस ग्लोबल सिटी में देशी ही नहीं, बल्कि विदेशी कारोबारियों की भी रुचि लगातार बढ़ रही है। सिंगापुर, जापान, चीन और अमेरिका सहित कई देशों के बड़े कारोबारी हरियाणा सरकार के संपर्क में हैं। ग्लोबल सिटी की प्रगति, निवेश की संभावनाओं, आधुनिक सुविधाओं और निर्माण की गुणवत्ता को लेकर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से विशेष बातचीत हुई। इस दौरान उन्होंने परियोजना से जुड़े विभिन्न सवालों के जवाब दिए।

सवाल: गुरुग्राम की ग्लोबल सिटी परियोजना की वर्तमान स्थिति क्या है?
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी: गुरुग्राम में करीब 1003 एकड़ में ग्लोबल सिटी विकसित की जा रही है। इस परियोजना पर तेजी से काम चल रहा है। इसमें देश के कारोबारियों के साथ-साथ विदेशी निवेशक भी रुचि दिखा रहे हैं। कई बड़े कारोबारी इस परियोजना से जुड़ने की इच्छा जता चुके हैं।
सवाल: ग्लोबल सिटी में किस तरह की सुविधाएं और संस्थान स्थापित किए जाएंगे?
मुख्यमंत्री: ग्लोबल सिटी में रेजिडेंशियल और कमर्शियल सुविधाओं के साथ विश्वविद्यालय और बड़े-बड़े स्कूल भी स्थापित किए जाएंगे। हमारा प्रयास है कि यहां रहने वाले लोगों और उनके परिवारों को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकें। इसे एक आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है।
सवाल: ग्लोबल सिटी में ऐसा क्या खास होगा, जो विदेशी कारोबारियों को आकर्षित करेगा?
मुख्यमंत्री: ग्लोबल सिटी को आधुनिक तकनीक और बेहतर सुविधाओं के साथ विकसित किया जा रहा है। यहां भूकंपरोधी निर्माण, बेहतर आधारभूत ढांचा और आकर्षक शहरी विकास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। गुरुग्राम पहले से ही अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उद्योग और कारोबार के क्षेत्र में अपनी पहचान बना चुका है। दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के नजदीक होने के कारण भी यह स्थान निवेशकों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। बड़े उद्योगपति अभी से हमारे संपर्क में हैं।

सवाल: ग्लोबल सिटी का पहला फेज कितने एकड़ में तैयार किया जा रहा है?
मुख्यमंत्री: हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत संरचना विकास निगम (HSIIDC) के अधिकारियों की देखरेख में ग्लोबल सिटी का पहला फेज 587 एकड़ में विकसित किया जा रहा है। इसका निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सवाल: पहले फेज पर कितनी लागत आने की उम्मीद है?
मुख्यमंत्री: ग्लोबल सिटी के पहले फेज पर करीब 900 करोड़ रुपये की लागत आने की उम्मीद है। इस परियोजना के तहत विभिन्न विकास कार्य तेजी से पूरे किए जा रहे हैं।
सवाल: ग्लोबल सिटी के निर्माण में गुणवत्ता को लेकर क्या विशेष ध्यान रखा जा रहा है?
मुख्यमंत्री: गुणवत्ता के मामले में हम किसी भी तरह का समझौता नहीं करते। ग्लोबल सिटी में बेहतरीन गुणवत्ता सुनिश्चित की जा रही है। मैंने स्वयं भी ग्लोबल सिटी का दौरा किया है और निर्माण कार्यों का जायजा लिया है। हमारे उद्योग मंत्री, जो गुरुग्राम से ही हैं, वे भी लगातार इस परियोजना पर नजर बनाए हुए हैं।
सवाल: विदेशी निवेशकों की ओर से किस तरह की प्रतिक्रिया मिल रही है?
मुख्यमंत्री: जापान, सिंगापुर, चीन और अमेरिका सहित कई देशों के बड़े कारोबारी लगातार हमारे संपर्क में हैं। ग्लोबल सिटी को लेकर निवेशकों में उत्साह है। हमारा प्रयास है कि इसे एक विशाल और आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाए, जहां उद्योग, कारोबार, शिक्षा और आवास की सभी सुविधाएं उपलब्ध हों। बातचीत के अंत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरियाणा औद्योगिक विकास निगम के अधिकारियों की सराहना करते हुए कहा कि अधिकारी प्रदेश की बड़ी परियोजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के लिए मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि गुरुग्राम की ग्लोबल सिटी आने वाले समय में हरियाणा के औद्योगिक विकास और विदेशी निवेश के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी।







