गुरुग्राम में मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव राजेश खुल्लर ने जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में दिए निर्देश

Gurugram roads, Gurugram road repair, 30 days challenge Gurugram, Rajesh Khullar, GMDA, MCG, HSVP, Gurugram development, Haryana news, Gurugram latest news, road recarpeting, street lights, lane marking, footpath, road beautification, Gurugram breaking news

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गुरुग्राम, 8 अक्टूबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री के मुख्य प्रधान सचिव  राजेश खुल्लर ने गुरुग्राम में सड़क एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए ’30 डेज चैलेंज’ शुरू करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शहर की ऐसी 100 सड़कों की पहचान की जाएगी, जो वर्तमान में खराब स्थिति में हैं। इन चिन्हित सड़कों को अगले 30 दिनों में बेहतर ढंग से विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। अभियान के तहत कम से कम 500 मीटर लंबी सड़कों का लक्ष्य है। वीरवार को गुरुग्राम के लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी के अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में श्री खुल्लर ने कहा कि इन सड़कों पर केवल मरम्मत या पैचवर्क तक सीमित न रहते हुए प्रॉपर रिकॉर्पेटिंग, एंड-टू-एंड पेवमेंट, सौंदर्यीकरण, स्ट्रीट लाइट, लेन मार्किंग, फुटपाथ और साइनेज जैसी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। साथ ही, सड़कों को अतिक्रमण एवं कचरा मुक्त बनाया जाएगा।

चिन्हित सड़क पर लगेगा क्यूआर कोड वाला बोर्ड

मुख्य प्रधान सचिव ने निर्देश दिए कि चिन्हित चिन्हित सड़क पर सूचना बोर्ड लगाया जाए, जिस पर क्यूआर कोड के माध्यम से संबंधित सड़क के कार्य, जिम्मेदार अधिकारी एवं विभाग तथा कार्य शुरू होने और पूरा होने की निर्धारित तिथि की जानकारी उपलब्ध हो। इससे नागरिकों को कार्य की प्रगति और जिम्मेदारी से संबंधित जानकारी आसानी से मिल सकेगी। इन 100 सड़कों में जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी के अधिकार क्षेत्र वाली सड़कें शामिल की जाएंगी। सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए 7 नवंबर तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

24 घंटे में शिकायत समाधान पर जोर

राजेश खुल्लर ने गुरुग्राम में ’24 घंटे चैलेंज अभियान’ शुरू करने के भी निर्देश दिए। इसके तहत नागरिकों द्वारा शहर में बड़े कचरा स्थल, सड़कों पर बड़े गड्ढे, सीवरेज ओवरफ्लो, खराब स्ट्रीट लाइट तथा पेड़ों की छंटाई से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई जा सकेंगी। शिकायत की प्रकृति के अनुसार संबंधित विभाग को उसका समाधान 24, 48 या 72 घंटे के भीतर करना होगा। समीक्षा के दौरान अगर शिकायत समाधान में कर्मचारी की लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित कर्मचारी से वसूली करके शिकायतकर्ता को 5,000 रुपए भुगतान का प्रावधान रखा जाएगा।

फोटो और लोकेशन के साथ ऑनलाइन दर्ज होगी शिकायत

एक माह तक चलने वाले इस 24 घंटे चैलेंज अभियान के लिए ऑनलाइन प्लेटफॉर्म तैयार किया जाएगा। नागरिक इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से शिकायत के साथ फोटो और लोकेशन साझा कर सकेंगे। शिकायत दर्ज करने के दौरान शिकायतकर्ता का नाम और मोबाइल नंबर देना वैकल्पिक रखा जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक बिना किसी झिझक के शहर की समस्याओं की जानकारी प्रशासन तक पहुंचा सकें।

गुरुग्राम में विकसित किए जाएंगे 10 आइकॉनिक रोड

मुख्य प्रधान सचिव ने गुरुग्राम में 10 आइकॉनिक रोड विकसित करने के भी निर्देश दिए। इन सड़कों को बेहतर ढंग से विकसित एवं व्यवस्थित किया जाएगा। इन क्षेत्रों में स्मोकिंग जोन निर्धारित किए जाएंगे। नो-स्मोकिंग जोन में धूम्रपान करने वालों पर तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। इसके लिए विशेष टीमें तैनात की जाएंगी, जिन्हें नागरिकों के साथ शालीनता एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए जाएंगे। टीम के सदस्य बॉडी कैमरा से लैस होंगे और जुर्माने की राशि ऑनलाइन माध्यम से वसूल की जाएगी। जरूरतमंदों की सुविधा के लिए यहां व्हीलचेयर की व्यवस्था भी की जाएगी। साथ ही, प्रमुख स्थानों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे, जिन पर नियमों और जुर्माने से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी। यही नहीं, एमसीजी क्षेत्र में सार्वजनिक स्थान पर थूकने और च्यूइंग गम फेंकने पर भी जुर्माने का प्रावधान होगा।

‘हमारा 500 मीटर एरिया’ अभियान से जुड़ेगा जनभागीदारी का मॉडल

खुल्लर ने गुरुग्राम में ‘हमारा 500 मीटर एरिया’ अभियान चलाने के भी निर्देश दिए। इसके तहत आरडब्ल्यूए, स्कूल, मार्केट एसोसिएशन सहित विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों को जोड़ा जाएगा। इन संस्थाओं के आसपास के 500 मीटर क्षेत्र को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य सरकारी एजेंसियों के साथ-साथ नागरिकों और स्थानीय संगठनों की भागीदारी के माध्यम से स्वच्छ एवं बेहतर गुरुग्राम का निर्माण करना है।

हर शनिवार प्रकाशित होगा साप्ताहिक स्कोर कार्ड

मुख्य प्रधान सचिव ने जीएमडीए, एमसीजी और एचएसवीपी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे किए जा रहे कार्यों की प्रगति का साप्ताहिक स्कोर कार्ड तैयार करें। प्रत्येक शनिवार को यह स्कोर कार्ड संबंधित अधिकारियों के हस्ताक्षर सहित संयुक्त रूप से समाचार पत्रों में प्रकाशित करवाया जाएगा। इस व्यवस्था के माध्यम से शहर में चल रहे विकास, सड़क सुधार, स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्यों की प्रगति को सार्वजनिक किया जाएगा तथा संबंधित विभागों की जिम्मेदारी एवं जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी।

जवाबदेही, पारदर्शिता और समयबद्ध कार्रवाई पर फोकस

खुल्लर ने कहा कि 30 डेज चैलेंज, 24 घंटे चैलेंज, 10 आइकॉनिक रोड और हमारा 500 मीटर एरिया अभियान के माध्यम से गुरुग्राम में सड़क सुधार, स्वच्छता, नागरिक सुविधाओं और सार्वजनिक स्थलों के बेहतर प्रबंधन पर एक साथ काम करने की दिशा में कदम उठाया जा रहा है। इन पहलों में विभागीय समन्वय के साथ-साथ नागरिक सहभागिता, डिजिटल मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्रवाई को प्रमुख आधार बनाया गया है। बैठक में जीएमडीए सीएओ पीसी मीणा, यूएलबी आयुक्त व सचिव अशोक कुमार मीणा, निगमायुक्त प्रदीप दहिया, एचएसवीपी प्रशासक वैशाली सिंह, अतिरिक्त निगमायुक्त अंकिता चौधरी सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें