नई दिल्ली, 12 नवंबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास पर राज्यसभा सांसद एवं पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने हरभजन सिंह का स्वागत किया और भारतीय क्रिकेट में उनके उल्लेखनीय योगदान की सराहना की।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरभजन सिंह के खेल के प्रति समर्पण और क्रिकेट के क्षेत्र में हासिल की गई उपलब्धियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी बेहतरीन स्पिन गेंदबाजी के दम पर विश्व क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरभजन सिंह का खेल जीवन युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने प्रदर्शन और मेहनत से भारतीय क्रिकेट को गौरवान्वित किया है। उनकी उपलब्धियां देश के युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और हरभजन सिंह के बीच विभिन्न समसामयिक विषयों पर भी चर्चा हुई। मुलाकात के दौरान खेल और अन्य विषयों को लेकर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।








