गुरुग्राम, 18 नवंबर। गुरुग्राम के युवा 19 नवंबर से अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन करने के लिए एक मंच पर जुटेंगे। दो दिवसीय जिला युवा महोत्सव-2026 में कला, संस्कृति, विचारों और रचनात्मकता का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में आयोजित होने वाले इस महोत्सव का शुभारंभ सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। महोत्सव में जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। हरियाणा सरकार के युवा सशक्तिकरण एवं उद्यमिता विभाग के निर्देशानुसार आयोजित इस महोत्सव में लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन तथा लोक वाद्य यंत्र जैसी छह विधाओं में प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को अपनी कला, सांस्कृतिक अभिव्यक्ति और रचनात्मक कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम के प्रधानाचार्य रविंद्र यादव ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 4,100 रुपये, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 2,100 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में गुरुग्राम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। इसके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया जाएगा।



