चंडीगढ़, 20 नवंबर। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विदेशों में भारत को नीचा दिखाना उनका किरदार बन गया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी जब भी विदेश जाते हैं, तो भारत की छवि खराब करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान अनिल विज ने कहा कि राहुल गांधी का रवैया ऐसा हो गया है कि विदेशों में भारत की आलोचना की जाती है और वे इस पर तालियां बजाते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जब विदेशों से मंत्री भारत आते हैं और मंच से देश की निंदा करते हैं, तो विपक्षी नेता खिलखिलाकर हंसते हैं और तालियां बजाते हैं। विज ने कहा कि राहुल गांधी का किरदार ही दुनिया में भारत को नीचा दिखाने का बन गया है। उन्होंने विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश के सम्मान और छवि के मामले में सभी को जिम्मेदारी से व्यवहार करना चाहिए।
पाकिस्तान को अनिल विज की चेतावनी, बोले- फिर दुस्साहस किया तो घर में घुसकर मारेंगे
पाकिस्तान को लेकर पूछे गए सवाल पर अनिल विज ने कहा कि जब भी पाकिस्तान ने दुस्साहस किया है, भारत ने उसे मुंहतोड़ जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में आतंकी घटनाओं के बाद केवल श्रद्धांजलियां दी जाती थीं और तत्कालीन सरकारों की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए कहा कि जब-जब पाकिस्तान ने ऐसी गतिविधियां की हैं, तब भारत ने उसके खिलाफ कार्रवाई की है। विज ने स्पष्ट कहा कि अगर पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आता और दोबारा दुस्साहस करता है, तो भारत फिर घर में घुसकर मारेगा।
फूलचंद मुलाना के निधन पर अनिल विज ने जताया दुख
हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री फूलचंद मुलाना के निधन पर भी अनिल विज ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि फूलचंद मुलाना ने लंबे समय तक राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई और मंत्री के रूप में भी अपनी सेवाएं दीं। उनका राजनीतिक अनुभव काफी लंबा रहा।








