नई दिल्ली, 19 नवंबर- नई दिल्ली में चल रहे भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में हरियाणा सरकार द्वारा बनाया गया हरियाणा पवेलियन इन दिनों कारोबार और कला के साथ-साथ लोक संस्कृति के रंगों का भी बड़ा केंद्र बन गया है। पवेलियन में बंचारी की नंगाड़ा पार्टी हरियाणवी लोक वाद्य की जोशीली प्रस्तुति दे रही है। नंगाड़े की गूंजती थाप पर बड़ी संख्या में आम लोग खुद को थिरकने से रोक नहीं पा रहे। लोग इन पलों को अपने मोबाइल में कैद करने के लिए सेल्फी और फोटो भी खूब खिंचवा रहे हैं। मेले में देश-विदेश से आने वाले हजारों लोग हरियाणा पवेलियन में पहुंच रहे हैं। यहां प्रदेश की हस्तशिल्प, हथकरघा, कृषि और खाद्य उत्पादों के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलती है। इसी कड़ी में नंगाड़ा पार्टी की प्रस्तुति ने पवेलियन में नई ऊर्जा भर दी है। जैसे ही नंगाड़ा बजना शुरू होता है, पवेलियन के आसपास से गुजर रहे दर्शकों के कदम खुद-ब-खुद ठिठक जाते हैं और देखते-देखते वहां भीड़ जुट जाती है।

यह सिर्फ वाद्य नहीं, हमारी माटी की आवाज है
बता दें कि नंगाड़ा हरियाणा सहित उत्तर भारत के लोक जीवन से जुड़ा एक प्राचीन और प्रभावशाली ताल वाद्य है। पवेलियन में प्रस्तुति दे रहे कलाकारों के अनुसार नंगाड़ा उनके लिए केवल एक वाद्य नहीं, बल्कि पुरखों से मिली विरासत है। कलाकारों ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि हरियाणा की लोक कला को देश-विदेश से आए लोगों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला। उनका कहना है कि जब दर्शक उनकी थाप पर झूमते हैं तो उन्हें लगता है कि हरियाणवी माटी की आवाज दूर-दूर तक पहुंच रही है।
हर थाप के साथ बढ़ता गया उत्साह, बच्चे-बुजुर्ग सब हुए शामिल
प्रस्तुति की सबसे खास बात यह है कि इसमें दर्शक केवल देखने वाले नहीं रहते, बल्कि स्वयं भी इसका हिस्सा बन जाते हैं। नंगाड़े की ताल तेज होते ही युवाओं की टोलियां कदम से कदम मिलाने लगती हैं। परिवार के साथ आए बच्चे उत्साह से तालियां बजाते हैं, तो बुजुर्ग भी मुस्कुराते हुए ताल पर झूमते दिखाई देते हैं। कई दर्शक कलाकारों के साथ खड़े होकर तस्वीरें खिंचवाते नजर आए। मेला देखने पहुंचे कई दर्शकों ने बताया कि हरियाणा पवेलियन में लोक वाद्य की यह प्रस्तुति उनके लिए अनूठा अनुभव रही। दर्शकों का कहना था कि भागदौड़ भरी जिंदगी और स्टॉलों की खरीदारी के बीच इस तरह की जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुति मन को सुकून देती है। कई लोगों ने कहा कि उन्होंने पहली बार नंगाड़े को इतने करीब से देखा और सुना है।

कारोबार के साथ संस्कृति का संगम, यही है हरियाणा पवेलियन की पहचान
अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला हर वर्ष देश के उद्यमियों, कारीगरों और राज्यों को अपने उत्पाद और पहचान प्रदर्शित करने का बड़ा मंच उपलब्ध कराता है। हरियाणा पवेलियन में प्रदेश की औद्योगिक प्रगति, स्थानीय उत्पादों और कारीगरी के साथ सांस्कृतिक विरासत को भी समान महत्व दिया गया है। नंगाड़ा पार्टी की प्रस्तुति इसी सोच का हिस्सा है कि आने वाले हर व्यक्ति को हरियाणा की समृद्ध परंपरा, लोक कला और जीवंत संस्कृति का एहसास हो।
सेल्फी प्वाइंट बना नंगाड़ा, सोशल मीडिया पर भी छाई प्रस्तुति
हरियाणा पवेलियन में नंगाड़ा सेल्फी प्वाइंट की तरह आकर्षण का केंद्र बन गया है। बड़े आकार और पारंपरिक पहनावे के साथ नंगाड़ा बजाते कलाकारों के साथ तस्वीरें खिंचवाने के लिए लोगों में होड़ दिखाई देती है। युवा वर्ग ने इन पलों को सोशल मीडिया पर साझा किया है, जिससे हरियाणवी लोक संस्कृति को नए दर्शक भी मिल रहे हैं।








