चंडीगढ़, 19 नवंबर । हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB), हिसार की टीम ने पुलिस विभाग के एक सब इंस्पेक्टर को 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अमृत सिंह के रूप में हुई है, जो हिसार जिले के थाना बास में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात था। आरोप है कि उसने शिकायतकर्ता के बेटे और एक रिश्तेदार को केस में गिरफ्तार न करने तथा एफआईआर से उनके नाम हटवाने की एवज में रिश्वत मांगी थी।
बेटे और रिश्तेदार को गिरफ्तार न करने के बदले मांगे 80 हजार रुपये
मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दी थी कि थाना बास में तैनात सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह ने उसके बेटे और एक रिश्तेदार को एफआईआर संख्या 125/2026 में गिरफ्तार न करने और केस से उनके नाम हटवाने के बदले 80 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है। शिकायत मिलने के बाद एसवी एंड एसीबी ने मामले की जांच करते हुए आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाने की योजना बनाई।
एसीबी ने जाल बिछाकर रंगे हाथों पकड़ा
शिकायत पर कार्रवाई करते हुए एसवी एंड एसीबी यूनिट फतेहाबाद के निरीक्षक मनमोहन सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप लगाया और कार्रवाई के दौरान सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह को शिकायतकर्ता से 80 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई में राजपत्रित अधिकारी के रूप में पंचायत राज विभाग, ब्लॉक जाखल, जिला फतेहाबाद में तैनात एसडीई बलवान सिंह मौजूद रहे। ट्रैप की पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 105 के प्रावधानों के तहत की गई।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
आरोपी सब इंस्पेक्टर अमृत सिंह के खिलाफ एफआईआर संख्या 49, दिनांक 19 नवंबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 308(2) और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की जांच जारी है। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की लगातार कार्रवाई के बीच पुलिस विभाग के अधिकारी की गिरफ्तारी से एक बार फिर रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है।







