चंडीगढ़, 19 नवंबर । हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) की टीमों ने बिजली निगम के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। पहली कार्रवाई नरवाना में की गई, जहां बिजली निगम के AFM को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। आरोपी एक पोल्ट्री फार्म का बिजली कनेक्शन चालू करने की एवज में रिश्वत ले रहा था। वहीं, दूसरी कार्रवाई में हिसार एसीबी की टीम ने फतेहाबाद जिले के बड़ोपल में तैनात बिजली निगम के जेई रतन को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।
नरवाना में 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते AFM गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, नरवाना में एसीबी की टीम ने बिजली निगम के एक असिस्टेंट फोरमैन (AFM) को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। आरोपी पर आरोप है कि वह पोल्ट्री फार्म का बिजली कनेक्शन चालू करने के बदले शिकायतकर्ता से रिश्वत मांग रहा था। एसीबी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को रिश्वत की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे की जानकारी और जांच से जुड़े तथ्यों की प्रतीक्षा है।
फतेहाबाद में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, हिसार की टीम ने बिजली का जुर्माना कम करने की एवज में 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए बिजली निगम के एक जूनियर इंजीनियर (JE) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रतन के रूप में हुई है, जो दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (DHBVN) के बड़ोपल, जिला फतेहाबाद में जेई के पद पर तैनात था। मामले के अनुसार, शिकायतकर्ता ने एसवी एंड एसीबी को शिकायत दी थी कि जेई रतन ने उसका बिजली का जुर्माना कम करने के बदले 15 हजार रुपये की रिश्वत मांगी है। शिकायत मिलने के बाद एसीबी यूनिट भिवानी के निरीक्षक जगजीत सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई और जाल बिछाया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपी जेई रतन को शिकायतकर्ता से 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। टीम ने रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में आरोपी रतन के खिलाफ एफआईआर नंबर 50, दिनांक 19 नवंबर 2026 को धारा 7 भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, हिसार में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।
रिश्वत मांगने पर इन नंबरों पर करें शिकायत
हरियाणा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी काम के बदले रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी शिकायत एसवी एंड एसीबी के टोल-फ्री नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर करें। इसके अलावा व्हाट्सऐप नंबर 94178-91064 पर भी शिकायत भेजी जा सकती है। नागरिक ‘सतर्क हरियाणा’ मोबाइल ऐप के माध्यम से भी भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ताओं की पहचान और गोपनीयता बनाए रखने को प्राथमिकता दी जाती है। हरियाणा में एक ही दिन बिजली निगम के दो कर्मचारियों की गिरफ्तारी ने सरकारी विभागों में रिश्वतखोरी के खिलाफ चल रही कार्रवाई को फिर चर्चा में ला दिया है।







