यमुनानगर, 20 नवंबर
केंद्रीय विरासत एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि सरस्वती नदी का पुनर्जीवन, करतारपुर साहिब कॉरिडोर का खुलना और अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर की पुनर्स्थापना भारत के उभरते सौभाग्य और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के प्रतीक हैं। सरस्वती नदी का पुनर्जीवन देश के लिए एक ऐतिहासिक और महत्वपूर्ण कार्य है।
केंद्रीय मंत्री शुक्रवार को यमुनानगर जिले में आयोजित कपाल मोचन-आदि बद्री मेले के शुभारंभ अवसर पर श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने गुरु घर में माथा टेका तथा हवन-यज्ञ के साथ मेले का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर दोनों अतिथियों ने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 187 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 16 नई अमृत फार्मेसी शामिल हैं, जहां आमजन को जीवनरक्षक दवाइयां रियायती दरों पर उपलब्ध होंगी। इसके अलावा 11 जलघरों में नए टैंकों के निर्माण और जगाधरी शहर की पुरानी सीवर लाइन के पुनर्वास कार्य का शिलान्यास किया गया। इससे पहले केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने पुलिस विभाग के मोबाइल पुलिस बूथ का उद्घाटन किया तथा मेला परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी और विभिन्न विभागों के स्टॉल का अवलोकन किया।
कपाल मोचन तीर्थ साझा संस्कृति की विरासत का केंद्र
गजेंद्र सिंह शेखावत ने कपाल मोचन तीर्थ की महिमा का उल्लेख करते हुए कहा कि यह स्थान केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आत्मशुद्धि, आत्मचिंतन और भारत की साझा संस्कृति की विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। तीर्थयात्रा केवल किसी स्थान तक पहुंचने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह अपने भीतर झांकने, आत्मशुद्धि करने और जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का अवसर भी प्रदान करती है।
उन्होंने कहा कि कपाल मोचन की पवित्र धरती मनुष्य को अहंकार और क्रोध त्यागकर बेहतर इंसान बनने की प्रेरणा देती है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार भगवान शिव भी ब्रह्महत्या के दोष से मुक्ति पाने के लिए यहां स्नान करने आए थे। यह कथा जीवन में हुई गलतियों से सीख लेकर प्रायश्चित और आत्मचिंतन के माध्यम से सही रास्ते पर आगे बढ़ने का संदेश देती है।
कृषि, सैनिकों और खिलाड़ियों के लिए भी प्रसिद्ध है हरियाणा
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हरियाणा की पहचान कृषि और देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों से रही है। वर्तमान समय में प्रदेश की पहचान यहां के खिलाड़ियों, पहलवानों और बॉक्सरों से भी होती है। इसके साथ ही हरियाणा की धरती प्राचीन काल से ऋषियों, साधना, वैदिक ज्ञान और आध्यात्मिक चिंतन की पवित्र भूमि रही है।
उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति पूरी दुनिया को एक परिवार मानने का संदेश देती है। हमारे ऋषियों और मनीषियों ने प्रकृति और पर्यावरण के प्रत्येक घटक का सम्मान करने की परंपरा स्थापित की है। ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ की भावना के अनुरूप प्रत्येक व्यक्ति को समाज, गरीबों और वंचित वर्गों की सेवा के साथ प्रकृति एवं पर्यावरण की रक्षा के लिए भी अपने दायित्व निभाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, भगवान श्रीकृष्ण का जीवन कर्म और कर्तव्य, गुरु नानक देव जी का जीवन मानवता की सेवा तथा गुरु गोबिंद सिंह जी का जीवन धर्म और संस्कृति की रक्षा की प्रेरणा देता है। कपाल मोचन की विशेषता है कि यहां इन सभी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं का साझा स्वरूप देखने को मिलता है।
16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत
गजेंद्र सिंह शेखावत ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में 16 जिलों में जन औषधि केंद्रों के विस्तार की शुरुआत को गरीबों की सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है कि गरीबों को आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से मुफ्त इलाज के साथ ओपीडी उपचार के लिए भी सस्ती दवाइयां उपलब्ध कराई जाएं। देशभर में हजारों जन औषधि केंद्र इस दिशा में काम कर रहे हैं।
हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के प्रयासों को मिली गति
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्हें जल शक्ति मंत्री के रूप में कपाल मोचन और मां सरस्वती की धारा को जीवंत करने के प्रयासों से जुड़ने का अवसर मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से हर घर तक नियमित और स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जल शक्ति मंत्रालय में पांच वर्ष के कार्यकाल के दौरान निरंतर प्रयासों से देश के लगभग 80 प्रतिशत घरों तक पीने का पानी पहुंचाने में सफलता मिली। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता से पानी के प्रदूषण के कारण होने वाली बीमारियों को रोकने में भी मदद मिली है।
तेजी से आगे बढ़ रही भारतीय अर्थव्यवस्था
शेखावत ने कहा कि भारत आज दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है। आर्थिक प्रगति के साथ-साथ देश सामरिक रूप से आत्मनिर्भर बनने और तकनीक के क्षेत्र में अग्रणी देशों की श्रेणी में पहुंचने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ल्ड बैंक के आंकड़ों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में बड़े स्तर पर आर्थिक परिवर्तन हुआ है और 50 करोड़ लोग गरीबी की रेखा से बाहर निकलकर बेहतर जीवन की ओर बढ़े हैं।
2047 तक विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की भूमिका अहम
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। देश के सामने अपनी सभ्यता, संस्कृति और विरासत का संरक्षण करने के साथ विकास की गति को और तेज करने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियां इस कालखंड का इतिहास लिखेंगी तो उसमें भारत की विरासत के संरक्षण और विकास की यात्रा का भी उल्लेख होगा। कपाल मोचन जैसी पवित्र धरती से हमें जल संरक्षण, प्रकृति और पर्यावरण की रक्षा तथा सांस्कृतिक परंपराओं को पुनर्जीवित कर आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का संकल्प लेना चाहिए।
कार्यक्रम में विधायक घनश्याम दास अरोड़ा, विधायक रेणू बाला, मेयर सुमन बहमनी, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं वित्त आयुक्त डॉ. सुमिता मिश्रा, पूर्व मंत्री कंवर पाल, एससी-एसटी आयोग की चेयरपर्सन बंतो कटारिया, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष जगदीश सिंह झींडा, सरस्वती बोर्ड के उपाध्यक्ष धूमन सिंह किरमच सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।








