श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले का शुभारंभ, सीएम धामी ने की साइंस सिटी और आधुनिक घाटों की घोषणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

श्रीनगर (उत्तराखंड), 23 नवंबर

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को श्रीनगर में बैकुंठ चतुर्दशी मेले एवं विकास प्रदर्शनी का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने श्रीनगर में साइंस सिटी विकसित करने, पंचप्रयाग और धारी देवी मंदिर के समीप आधुनिक घाटों का निर्माण कराने तथा श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द हेली सेवा शुरू करने की घोषणा की।

श्रीनगर पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक ढोल-दमाऊं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने मेले में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन एवं ग्रामोत्थान परियोजना के तहत लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों और महिला स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों की जानकारी ली। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पारंपरिक सिलबट्टे पर पहाड़ी नमक भी पीसा।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अलकनंदा नदी के तट पर स्थित श्रीनगर का धार्मिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक दृष्टि से विशेष महत्व है। कमलेश्वर महादेव मंदिर हमारी धार्मिक आस्था और पौराणिक परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र है। बैकुंठ चतुर्दशी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि लोकसंस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का कार्य करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य कर रही है। केदारखंड मंदिर माला मिशन और मानसखंड मंदिर माला मिशन सहित विभिन्न योजनाओं के माध्यम से धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का विकास किया जा रहा है। उन्होंने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

श्रीनगर को मिलेंगी नई विकास सुविधाएं

मुख्यमंत्री ने श्रीनगर क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि लगभग 200 करोड़ रुपये की सीवर लाइन परियोजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। करीब 650 करोड़ रुपये की लागत से राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) का निर्माण कार्य प्रगति पर है। क्षेत्र में पैरामेडिकल कॉलेज और नर्सिंग कॉलेज की स्थापना के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मंडी-चौरास-जाखणी पंपिंग पेयजल योजना पर लगभग 37 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज श्रीनगर में आवासीय बालक छात्रावास का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा नगर में आधुनिक बस स्टैंड और पार्किंग सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। कोटद्वार-पौड़ी-श्रीनगर सड़क के दो लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना का कार्य तेजी से चल रहा है। इससे क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। बेस अस्पताल श्रीनगर में लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण किया गया है। वहीं, नगर निगम क्षेत्र में करीब नौ करोड़ रुपये की विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया है। इन योजनाओं में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, वर्षा जल संचयन, सड़क एवं नाली निर्माण और पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है।

साइंस सिटी और आधुनिक घाटों की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रीनगर में उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) के माध्यम से साइंस सिटी विकसित करने की घोषणा की। उन्होंने श्रीनगर नगर निगम के नए कार्यालय भवन के निर्माण को स्वीकृति देने की बात भी कही।

इसके साथ ही विष्णुप्रयाग, नंदप्रयाग, कर्णप्रयाग, रुद्रप्रयाग और देवप्रयाग में आधुनिक घाटों के निर्माण एवं सौंदर्यीकरण की घोषणा की गई। धारी देवी मंदिर के समीप भी श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक घाट विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने बैकुंठ चतुर्दशी मेले के आयोजन के लिए सरकारी सहयोग देने की घोषणा भी की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीनगर से देहरादून के लिए जल्द ही हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। इससे स्थानीय निवासियों के साथ पर्यटकों और श्रद्धालुओं को आवागमन में सुविधा मिलेगी। 

36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी देने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। प्रदेश में नकल विरोधी कानून लागू करने के बाद पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने दावा किया कि पिछले पांच वर्षों में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी प्रदान की गई है। सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने के लिए भी प्रभावी कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने महिला सशक्तीकरण के संबंध में बताया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, सहायिकाओं और आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में एक दिसंबर 2026 से वृद्धि करने का निर्णय लिया गया है।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में श्रीनगर क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्रीनगर में लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत से 24 घंटे पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कमलेश्वर महादेव से संबंधित विशेष डाक आवरण तथा शाइनी कृष्ण उनियाल की पुस्तक ‘मां राजराजेश्वरी चालीसा’ का विमोचन भी किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष पौड़ी रचना बुटोला, जिला पंचायत अध्यक्ष रुद्रप्रयाग पूनम कठैत, विधायक देवप्रयाग विनोद कंडारी, विधायक पौड़ी राजकुमार पोरी, श्रीनगर की महापौर आरती भंडारी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी, उपजिलाधिकारी नूपुर वर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

रिपोर्ट: चंद्रवीर गायत्री | New India News Network

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें