गुरुग्राम, 23 नवंबर। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को गुरुग्राम के सेक्टर-51 स्थित गुरुग्राम विश्वविद्यालय में पंचायतों और नगर निकायों के अधिकारों के हस्तांतरण, वित्तीय स्थिरता और प्रभावी सेवा वितरण विषय पर आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का शुभारंभ किया। स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान (एसजेएचआईएफएम) की ओर से आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय ऊर्जा एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत-2047 का सपना तभी साकार होगा, जब देश का हर गांव और शहर का हर वार्ड आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनेगा। पंचायतों और नगर निकायों को केवल सरकारी बजट पर निर्भर रहने के बजाय अपनी आय के नए स्रोत विकसित करने होंगे। इसके लिए स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग, मजबूत वित्तीय प्रबंधन और जनभागीदारी जरूरी है।

गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के माध्यम से पंचायतों और नगर निकायों को संवैधानिक दर्जा दिया गया था। अब आवश्यकता इन्हें वास्तविक रूप से सशक्त स्थानीय सरकार के रूप में विकसित करने की है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी के ग्राम स्वराज के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप आगे बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांव विकास की अंतिम कड़ी नहीं, बल्कि विकास का केंद्र है। ग्राम सभा की प्राथमिकताओं के आधार पर ही पंचायतों की कार्ययोजना तैयार होनी चाहिए। सरपंच और पार्षद लोकतंत्र की जमीनी ताकत हैं, क्योंकि वे सीधे जनता से जुड़े होते हैं और लोगों की समस्याओं को सबसे पहले समझते हैं।
पढ़ी-लिखी पंचायतों और महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने हरियाणा में पंचायतों को सशक्त बनाने के लिए किए गए सुधारों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2015 में पढ़ी-लिखी पंचायतों की व्यवस्था लागू की गई। इसके बाद वर्ष 2020 में पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण दिया गया। उन्होंने लाल डोरा मुक्त अभियान का भी उल्लेख किया और कहा कि इसके माध्यम से ग्रामीणों को उनकी संपत्तियों का मालिकाना हक दिलाने का काम किया गया। बाद में केंद्र सरकार ने इसी पहल को प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के रूप में पूरे देश में लागू किया। इन सुधारों का उद्देश्य पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना और ग्रामीणों को उनके अधिकारों से जोड़ना रहा है।
पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए जल संरक्षण पर जोर
मुख्यमंत्री ने पंचायतों और नगर निकायों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जल संरक्षण, पानी के बिलों की वसूली और स्थानीय संसाधनों के बेहतर इस्तेमाल पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि हरियाणा सरकार ने गांवों में पानी के बिल के रूप में जितनी राशि एकत्रित की जाएगी, उतनी ही मैचिंग ग्रांट देने का निर्णय लिया है। इससे पंचायतों की आमदनी बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गिरते भूजल स्तर और पानी की कमी को देखते हुए प्रत्येक जनप्रतिनिधि को जल संरक्षण की जिम्मेदारी निभानी होगी। मुख्यमंत्री ने शहरी निकायों से भी अपनी आय के नए स्रोत तलाशने और स्वच्छता, पेयजल, सड़क, सीवरेज जैसी बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की अपील की।
बेहतर काम करने वाली पंचायतों और वार्डों को किया जाएगा सम्मानित

मुख्यमंत्री ने गांवों और शहरों के वार्डों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास के लिए प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी चाहिए और बेहतर प्रदर्शन करने वाली पंचायतों एवं नगर निकायों को सम्मानित किया जाना चाहिए। इससे जनप्रतिनिधियों में अपने क्षेत्र को बेहतर बनाने की भावना मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि केवल पदाधिकारी नहीं, बल्कि परिवर्तन के वाहक हैं। उन्हें जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सम्मेलन में देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे दो दिनों तक होने वाले विचार-विमर्श में सक्रिय भागीदारी निभाएं और ऐसे व्यावहारिक सुझाव प्रस्तुत करें, जिन्हें जमीन पर लागू करके पंचायतों एवं नगर निकायों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाया जा सके।
कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर पटौदी की विधायक बिमला चौधरी, सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, वित्त एवं योजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुधीर राजपाल, भारत सरकार के 16वें वित्त आयोग के पूर्व सदस्य एवं फ्लेम विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र विभाग के प्रोफेसर मनोज कुमार पांडा, गुरुग्राम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर संजय कौशिक, प्रोफेसर एन.के. बिश्नोई और स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान के महानिदेशक डॉ. राज नेहरू उपस्थित रहे। इसके अलावा मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार राजीव जेटली, पुलिस आयुक्त शिवास कविराज, उपायुक्त उत्तम सिंह सहित हरियाणा और देश के विभिन्न राज्यों से आए पंचायती राज संस्थाओं एवं नगर निकायों के जनप्रतिनिधि भी सम्मेलन में शामिल हुए।







