मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर 70 हजार की रिश्वत मांगने वाला अदालत का बेलिफ गिरफ्तार, 50 हजार लेते रंगे हाथों दबोचा

मकान का कब्जा दिलाने के नाम पर 70 हजार की रिश्वत मांगने वाला अदालत का बेलिफ गिरफ्तार, 50 हजार लेते रंगे हाथों दबोचा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पलवल 23 नवंबर। हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SV & ACB) की फरीदाबाद इकाई के उपकेंद्र पलवल की टीम ने जिला न्यायालय में तैनात एक बेलिफ को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान श्याम सुंदर के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने एक मकान का कब्जा दिलाने की एवज में शिकायतकर्ता से 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। इसमें से वह पहले ही 20 हजार रुपये ले चुका था और शेष 50 हजार रुपये लेते हुए टीम ने उसे पकड़ लिया।ब्यूरो ने आरोपी के खिलाफ 23 नवंबर 2026 को अभियोग संख्या 30 दर्ज किया है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना एसवी एंड एसीबी, फरीदाबाद में मामला दर्ज किया गया है।

मकान का कब्जा दिलाने के बदले मांगी रिश्वत

शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को दी शिकायत में बताया कि उसने वर्ष 2019 में गांव रामपुर खोर निवासी हरिप्रमोद उर्फ प्रमोद दीक्षित से पलवल की राधा कॉलोनी में आईटीआई के नजदीक स्थित 287 वर्ग गज का दो मंजिला मकान खरीदने का एग्रीमेंट किया था। बाद में मकान को लेकर विवाद हो गया और मामला अदालत पहुंच गया।अदालत के आदेश पर मकान की रजिस्ट्री शिकायतकर्ता के नाम कराई गई। इसके साथ ही उसे मकान का कब्जा दिलाने के आदेश भी जारी किए गए। कब्जा दिलाने के लिए अतिरिक्त सिविल जज की अदालत ने बेलिफ श्याम सुंदर को नियुक्त किया था।

आरोप है कि इसी दौरान श्याम सुंदर ने शिकायतकर्ता से मकान का कब्जा दिलाने के बदले 70 हजार रुपये की रिश्वत मांगी। शिकायतकर्ता पहले ही उसे 20 हजार रुपये नकद दे चुका था। इसके बाद आरोपी बाकी 50 हजार रुपये देने का दबाव बना रहा था।

आगरा चौक पर कार में रिश्वत लेते पकड़ा

शिकायत मिलने के बाद एसवी एंड एसीबी की टीम ने जाल बिछाकर कार्रवाई की। टीम ने पलवल के आगरा चौक पर आरोपी को उसकी कार में शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। मौके से रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई। ट्रैप की कार्रवाई एसवी एंड एसीबी यूनिट पलवल के प्रभारी इंस्पेक्टर राजकुमार के नेतृत्व में की गई। इस दौरान राजपत्रित अधिकारी के रूप में एफएमडीए फरीदाबाद के एक्सईएन ओम दत्त मौजूद रहे। पूरी कार्रवाई भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 105 के तहत निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए की गई। ब्यूरो के अनुसार, आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता से पहले ली गई 20 हजार रुपये की रिश्वत राशि की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आगे की जांच जारी है।

रिश्वत मांगे तो हेल्पलाइन नंबर 1064 पर करें शिकायत

हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी या अधिकारी सरकारी काम करने की एवज में रिश्वत मांगता है, तो इसकी शिकायत तुरंत ब्यूरो के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 या 1800-180-2022 पर करें।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें