चंडीगढ़, 25 सितंबर- हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी करते हुए कहा है कि 30वें राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के तहत आयोजित की जा रही ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग ‘ क्विज प्रतियोगिता में प्रदेश के अधिकाधिक युवाओं और विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि केंद्रीय युवा एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार इस वर्ष भी राष्ट्रीय युवा महोत्सव का आयोजन ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ की थीम पर किया जा रहा है। महोत्सव के प्रथम चरण की शुरुआत ‘माई भारत पोर्टल’ (My Bharat Portal) और ‘माई जीओवी पोर्टल’ (Mygov Portal) के माध्यम से क्विज प्रतियोगिता द्वारा की गई है, जिसकी अंतिम तिथि 30 सितंबर 2026 निर्धारित है।
मंत्री ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 17 अगस्त 2026 को कटऑफ तिथि मानते हुए 15 से 29 वर्ष के आयु वर्ग का कोई भी युवा भाग ले सकता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने जिलों के अंतर्गत आने वाले सभी स्कूल प्रभारियों को तुरंत निर्देशित करें ताकि वे अपने विद्यालयों में पढ़ने वाले पात्र छात्र-छात्राओं को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करें।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा के युवाओं में असीम प्रतिभा है। यह मंच प्रदेश के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी क्षमता सिद्ध करने और विकसित भारत के निर्माण में अपने विचार साझा करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान करता है। सभी विद्यालय प्रमुख सुनिश्चित करें कि समय रहते अधिकाधिक विद्यार्थी इसमें ऑनलाइन पंजीयन कर भाग लें।







