चंडीगढ़/करनाल, 29 सितंबर । भ्रष्टाचार के खिलाफ हरियाणा सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति* के तहत राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने करनाल में कार्रवाई करते हुए *नगर निगम करनाल की टैक्स शाखा में तैनात क्लर्क गौरव को 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार* किया है। एसीबी टीम ने रिश्वत की पूरी राशि बरामद कर ली है।
प्रॉपर्टी आईडी में सुधार के बदले मांगी थी रिश्वत
शिकायतकर्ता ने एसीबी को शिकायत दी थी कि उसके पिता धर्मबीर एवं माता परमजीत कौर, जो उक्त मकान के मालिक हैं, की प्रॉपर्टी आईडी में श्रेणी संबंधी सुधार करवाना है। इसके लिए शिकायतकर्ता द्वारा नगर निगम करनाल के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सुधार के लिए आवेदन किया गया था। आरोप है कि नगर निगम करनाल की टैक्स शाखा में तैनात क्लर्क गौरव द्वारा उक्त सुधार करने के एवज में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये रिश्वत की मांग की गई।

बस स्टैंड परिसर में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी करनाल की टीम ने शिकायत का नियमानुसार सत्यापन करते हुए ट्रैप कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी क्लर्क गौरव को करनाल स्थित नए बस स्टैंड परिसर में शिकायतकर्ता से 5,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। रिश्वत की राशि मौके से बरामद कर ली गई। यह पूरी कार्रवाई राजपत्रित अधिकारी एवं शैडो गवाह की मौजूदगी में की गई।
एसीबी करनाल की टीम ने की कार्रवाई
यह ट्रैप कार्रवाई, राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल की टीम द्वारा की गई। आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी संख्या 26, दिनांक 29 सितंबर 2026, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में मामला दर्ज किया गया है। मामले में आगामी जांच नियमानुसार अमल में लाई जाएगी।
एसीबी की आमजन से अपील—रिश्वत मांगे तो तुरंत सूचना दें
राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई सरकारी अधिकारी, कर्मचारी अथवा उनके माध्यम से कार्य करवाने वाला कोई व्यक्ति रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी सूचना तुरंत एसीबी को दें। भ्रष्टाचार संबंधी शिकायत टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 अथवा 1800-180-2022 पर दी जा सकती है। इसके अलावा व्हाट्सऐप हेल्पलाइन नंबर 94178-91064 या सतर्क- हरियाणा मोबाइल ऐप के माध्यम से भी शिकायत की जा सकती है। एसीबी ने नागरिकों से भ्रष्टाचार के खिलाफ इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करने और रिश्वत न देने की अपील की है।









