चन्द्रवीर गायत्री
स्टेट हेड उत्तराखंड
उत्तरकाशी। अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था उत्तराखंड, डॉ. वी. मुरुगेशन ने अपने तीन दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग और गौमुख ट्रैक का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा एवं पुलिस व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने यात्रा मार्ग पर पुलिस बल की तैनाती, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा, भीड़ एवं यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों पर निगरानी व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की। अपर पुलिस महानिदेशक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगोत्री धाम यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखा जाए। उन्होंने भीड़ प्रबंधन और निगरानी व्यवस्था को स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप मजबूत करने तथा यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। गंगोत्री धाम स्थित पुलिस चौकी के निरीक्षण के दौरान एडीजी ने चौकी की साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने धाम में तैनात पुलिस, फायर और एसडीआरएफ कर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों और पुलिस कर्मियों को निर्देश दिए कि मंदिर में श्रद्धालुओं को व्यवस्थित एवं कतारबद्ध तरीके से दर्शन कराए जाएं। साथ ही नदी घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। एडीजी ने धाम क्षेत्र के पार्किंग स्थलों और आसपास के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यदि किसी समय श्रद्धालुओं और पर्यटकों की भीड़ बढ़ती है तो प्रभावी भीड़ नियंत्रण के साथ आवश्यकता के अनुसार यातायात डायवर्जन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय रहने को कहा गया।

गौमुख ट्रैक पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इसके बाद अपर पुलिस महानिदेशक गौमुख ट्रैक स्थित पुलिस चौकी भोजवासा पहुंचे। यहां उन्होंने पुलिस चौकी का धरातलीय निरीक्षण किया और विषम भौगोलिक परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे पुलिस कर्मियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जवानों के रहने, खाने और अन्य मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। साथ ही ड्यूटी के दौरान पुलिस कर्मियों के सामने आने वाली समस्याओं और उनकी आवश्यकताओं के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। डॉ. वी. मुरुगेशन ने गौमुख ट्रैक जैसे दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में विपरीत परिस्थितियों के बीच अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे पुलिस जवानों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जवानों की जिम्मेदारियों की सराहना करते हुए उन्हें पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने निर्देश दिए कि गौमुख ट्रैक पर आवागमन करने वाले प्रत्येक ट्रैकर, पर्यटक और तीर्थयात्री का पूरा विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए। साथ ही ट्रैक पर आने-जाने वाले लोगों की नियमित निगरानी रखी जाए और सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक सावधानियों का विशेष ध्यान रखा जाए।
सुरक्षा और सुगम आवागमन पर विशेष जोर
अपर पुलिस महानिदेशक ने कहा कि चारधाम यात्रा और गौमुख जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों पर श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन तथा बेहतर पुलिस व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग से लेकर दुर्गम ट्रैक तक हर स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए। इस अवसर पर उपाधीक्षक जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक हर्षिल प्रदीप तोमर, प्रभारी चौकी गंगोत्री प्रमोद उनियाल, श्विरेन्द्र पंवार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।









