गुरुग्राम में ब्लैकमेलिंग कर 90 लाख रुपये वसूलने का आरोप, महिला गिरफ्तार

गुरुग्राम में ब्लैकमेलिंग कर 90 लाख रुपये वसूलने का आरोप, महिला गिरफ्तार 50 हजार रुपये नकद बरामद, बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये फ्रीज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

50 हजार रुपये नकद बरामद, बैंक खाते में करीब 95 लाख रुपये फ्रीज

गुरुग्राम, 06 अक्टूबर 2026। गुरुग्राम पुलिस ने ब्लैकमेलिंग कर लाखों रुपये की कथित अवैध वसूली करने के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने एक व्यक्ति को झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने और उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देकर करीब 90 लाख रुपये लेने का आरोप है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को 50 हजार रुपये नकद लेते हुए मौके से गिरफ्तार किया। जांच के दौरान आरोपी के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये भी नियमानुसार फ्रीज करवाए गए हैं। पुलिस के अनुसार, थाना सदर गुरुग्राम को 4 अक्टूबर 2026 को एक शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह करीब तीन वर्ष पहले एक महिला से ऑनलाइन ऐप के माध्यम से मिला था। इसके बाद दोनों के बीच ऑनलाइन चैट के जरिए बातचीत शुरू हुई और बाद में दोनों की मुलाकातें होने लगीं। शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ समय बाद महिला द्वारा उसे ब्लैकमेल किया जाने लगा। आरोप है कि महिला लगातार पैसों की मांग कर रही थी और पैसे नहीं देने पर उसे झूठे बलात्कार के मुकदमे में फंसाने तथा उसके परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही थी। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी महिला द्वारा ब्लैकमेलिंग के जरिए अब तक उससे करीब 90 लाख रुपये लिए जा चुके थे। इसमें बैंक के माध्यम से किए गए लेन-देन के साथ-साथ नकद रकम भी शामिल थी। इसके बावजूद महिला की ओर से लगातार और लाखों रुपये की मांग की जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सदर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और एक विशेष टीम गठित की। पुलिस टीम ने शिकायतकर्ता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और आरोपी द्वारा मांगी गई रकम देने के दौरान निगरानी रखने की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता को Coffee House, Sohna Road, Sector-47, Gurugram में 50 हजार रुपये लेकर बुलाया था। पुलिस टीम सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और पूरे घटनाक्रम पर नजर रखी। जैसे ही आरोपी महिला ने शिकायतकर्ता से 50 हजार रुपये नकद लिए, पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उसे काबू कर लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान सूर्यदीता दास, उम्र 24 वर्ष, MBA शिक्षित, निवासी पश्चिम बंगाल और वर्तमान निवासी सुशांत लोक, गुरुग्राम के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी महिला की तलाशी ली तो उसके कब्जे से शिकायतकर्ता द्वारा दिए गए 50 हजार रुपये बरामद हुए। पुलिस के अनुसार, बरामद नोटों में कुछ नोटों पर पुलिस टीम द्वारा पहले से किए गए हस्ताक्षर या इनीशियल भी पाए गए।

पूछताछ में सामने आया ब्लैकमेलिंग का मामला

पुलिस पूछताछ के दौरान सामने आया कि आरोपी महिला करीब तीन वर्ष पहले शिकायतकर्ता के संपर्क में आई थी। शुरुआत में दोनों के बीच ऑनलाइन चैट के माध्यम से बातचीत हुई। इसके बाद दोनों ने मोबाइल नंबरों का आदान-प्रदान किया और मुलाकातें होने लगीं। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी महिला द्वारा शिकायतकर्ता को कथित तौर पर ब्लैकमेल कर लगातार पैसों की मांग किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि शिकायतकर्ता से अब तक करीब 90 लाख रुपये ब्लैकमेलिंग के माध्यम से लिए जाने की बात सामने आई है और आरोपी महिला द्वारा वर्तमान में भी लाखों रुपये की मांग की जा रही थी। इस मामले में थाना सदर, गुरुग्राम में भारतीय न्याय संहिता यानी BNS की संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी महिला को 4 अक्टूबर 2026 को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया। अदालत से आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। पुलिस जांच के दौरान आरोपी महिला के बैंक खाते में मौजूद करीब 95 लाख रुपये नियमानुसार फ्रीज करवाए गए हैं। पुलिस मामले में आरोपी से पूछताछ के साथ-साथ लेन-देन और अन्य संबंधित पहलुओं की जांच कर रही है। अभियोग में आगामी कार्रवाई नियमानुसार जारी है।

गुरुग्राम पुलिस की आमजन से अपील

गुरुग्राम पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति ब्लैकमेलिंग, धमकी या अवैध वसूली करता है तो घबराएं नहीं और इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा है कि किसी व्यक्ति द्वारा धमकी देकर पैसे की मांग किए जाने की स्थिति में स्वयं कोई जोखिम न लें और पुलिस की सहायता लें।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें