उत्तराखंड के व्यापारियों के लिए CM धामी की 8 बड़ी घोषणाएं, सुरक्षा से लेकर पर्यटन और बीमा तक पर जोर

उत्तराखंड के व्यापारियों के लिए CM धामी की 8 बड़ी घोषणाएं, सुरक्षा से लेकर पर्यटन और बीमा तक पर जोर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चन्द्रवीर गायत्री
स्टेट हेड उत्तराखंड

हल्द्वानी, 9 अक्टूबर। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारियों के हितों को लेकर आठ महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। शुक्रवार को हल्द्वानी स्थित राजकीय मेडिकल कॉलेज सभागार में आयोजित प्रांतीय व्यापारी सम्मेलन का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। उनके सम्मान, सुरक्षा और हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से पहुंचे व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि व्यापारी केवल वस्तुओं के क्रय-विक्रय तक सीमित नहीं हैं, बल्कि रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने और प्रदेश की आर्थिक प्रगति में भी महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। बड़े उद्योगों से लेकर छोटे दुकानदारों तक, हर व्यापारी राज्य के विकास में अपनी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि कोविड-19 जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी व्यापारियों ने आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बनाए रखकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। राज्य सरकार व्यापारियों को केवल करदाता नहीं, बल्कि विकास का महत्वपूर्ण भागीदार मानती है।

व्यापारियों के हित में मुख्यमंत्री की 8 घोषणाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने व्यापारी सम्मेलन में निम्नलिखित घोषणाएं कीं:

  1. आपदा प्रभावित व्यापारियों को राहत: प्राकृतिक आपदा या अन्य आपदाओं से प्रभावित व्यापारियों को नियमानुसार उचित राहत उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
  2. उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन: राज्य और जिला स्तर पर उद्योग मित्र समितियों का पुनर्गठन कर नियमित बैठकें आयोजित की जाएंगी, ताकि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान हो सके।
  3. जीएसटी पंजीकृत व्यापारियों के दुर्घटना बीमा का प्रचार: बीमा योजनाओं की जानकारी व्यापक स्तर पर पहुंचाई जाएगी, जिससे पात्र व्यापारियों के आश्रित समय पर दावा प्रक्रिया पूरी कर सकें।
  4. पर्यटन पंजीकरण प्रक्रिया होगी सरल: पर्यटन व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए पंजीकरण प्रक्रिया को आसान बनाया जाएगा और सिंगल विंडो व्यवस्था लागू की जाएगी।
  5. होमस्टे सुविधाओं का विस्तार: पर्यटन बहुल क्षेत्रों और जिला मुख्यालयों में होमस्टे सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी, जिससे स्थानीय लोगों को स्वरोजगार और अतिरिक्त आय के अवसर मिल सकें।
  6. चारधाम यात्रा मार्ग पर पार्किंग: यात्रियों और व्यापारियों की सुविधा के लिए चारधाम यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर पार्किंग विकसित की जाएगी।
  7. बाजारों में सड़कों और नालियों की मरम्मत: राष्ट्रीय राजमार्गों, राज्य मार्गों और अन्य प्रमुख मार्गों से जुड़े बाजारों में सड़कों तथा नालियों के निर्माण और मरम्मत कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
  8. श्रमिकों को कल्याणकारी योजनाओं का लाभ: व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में काम करने वाले श्रम विभाग में पंजीकृत श्रमिकों को कर्मकार कल्याण बोर्ड की योजनाओं और सुविधाओं का लाभ दिलाया जाएगा।

206 से अधिक सरकारी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में व्यापार और निवेश को बढ़ावा देने के लिए प्रक्रियाओं का सरलीकरण किया जा रहा है। सिंगल विंडो सिस्टम के माध्यम से 26 प्रमुख विभागों की 206 से अधिक सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं। निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए ‘निवेश मित्र’ व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में व्यापार, उद्यमिता, डिजिटल लेन-देन और वित्तीय समावेशन को बढ़ावा मिला है। उत्तराखंड सरकार भी इसी दिशा में काम करते हुए व्यापारियों को पारदर्शी और सुविधाजनक व्यवस्था उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।

पर्वतीय क्षेत्रों में उद्योग और रोजगार को बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में स्टार्टअप और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए उत्तराखंड स्टार्टअप नीति बनाई गई है और 200 करोड़ रुपये के वेंचर फंड की व्यवस्था की गई है। सरकार का प्रयास है कि औद्योगिक विकास केवल मैदानी क्षेत्रों तक सीमित न रहे, बल्कि पर्वतीय क्षेत्रों में भी उद्यमिता और रोजगार के अवसर बढ़ें। उन्होंने कहा कि चमोली, पौड़ी और अल्मोड़ा में छोटे उद्योगों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष औद्योगिक पार्कों के लिए भूमि चिह्नित की गई है। स्थानीय व्यापार, पर्यटन, लघु उद्योग और स्वरोजगार उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों से प्रदेश के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य उत्तराखंड को आध्यात्मिक शक्ति के साथ-साथ आर्थिक शक्ति का भी प्रमुख केंद्र बनाना है।

व्यापार मंडल की स्मारिका का विमोचन

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल की स्मारिका का विमोचन किया और व्यापार मंडल की विभिन्न इकाइयों के प्रतिनिधियों को सम्मानित किया। इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा, विधायक बंशीधर भगत और सरिता आर्या, महापौर गजराज सिंह बिष्ट, प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन वर्मा, प्रदेश महामंत्री प्रकाश मिश्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जाधारी राज्यमंत्री डॉ. अनिल कपूर डब्बू, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी विवेक राय सहित व्यापारी संगठनों के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें