अंबाला में 1857 शहीदी स्मारक का लोकार्पण, अमित शाह बोले- दुनिया के इतिहास में दर्ज होगा यह स्मारक, अनिल विज की जमकर की तारीफ

अंबाला में 1857 शहीदी स्मारक का लोकार्पण, अमित शाह बोले- दुनिया के इतिहास में दर्ज होगा यह स्मारक, अनिल विज की जमकर की तारीफ

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

दिल्ली 5 नवंबर। 5 नवंबर । केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को अंबाला छावनी में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों की स्मृति में बनाए गए भव्य शहीदी स्मारक का लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने 1857 की क्रांति में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीरों को नमन करते हुए कहा कि यह क्रांति अंग्रेजों के शासन के खिलाफ भारत की स्वतंत्रता का पहला बड़ा संग्राम था। उन्होंने कहा कि जिस क्रांति को अंग्रेजों और वामपंथी विचारधारा के इतिहासकारों ने विद्रोह बताने का प्रयास किया, वह भारत की संतानों के लिए स्वतंत्रता संग्राम था। अमित शाह ने अपने संबोधन की शुरुआत 1857 की क्रांति की पवित्र भूमि को प्रणाम करते हुए की। उन्होंने कहा कि 10 मई 1857 को इसी धरती से अंग्रेजी शासन के खिलाफ क्रांति की चिंगारी उठी थी, जिसने देखते ही देखते पूरे देश को आजादी की लड़ाई के लिए प्रेरित किया। हिमालय से कन्याकुमारी और गंगासागर से सोमनाथ तक फैले भारत के नागरिकों के मन में स्वतंत्रता की भावना जगाने में इस क्रांति की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि 1857 से 1947 तक चले 90 वर्षों के लंबे संघर्ष में हजारों स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। इन्हीं शहीदों के बलिदान की नींव पर आज देश लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत कर रहा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की कल्पना को साकार करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कोई भी देश तब तक प्रगति नहीं कर सकता, जब तक वह अपनी स्वतंत्रता की कीमत को नहीं समझता। जिन शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपना खून बहाया, उनके बलिदान का महत्व समझना और इतिहास के पन्नों में उनके संघर्ष को उचित स्थान देना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों में देशभक्ति की भावना मजबूत करने के लिए ऐसे स्मारकों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।

हरियाणा की वीर भूमि और देश के लिए योगदान की सराहना

अमित शाह ने हरियाणा की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यह वही पवित्र भूमि है, जहां कभी सरस्वती नदी बहा करती थी। इसी क्षेत्र में भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया। महाराजा अग्रसेन ने समाज को एक नई व्यवस्था और मॉडल दिया, जबकि राजा नाहर सिंह और राव तुलाराम जैसे वीरों ने आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की वीरता की परंपरा आज भी कायम है। देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले जवानों में हरियाणा के युवाओं की बड़ी भागीदारी है। खेलों के क्षेत्र में भी हरियाणा के खिलाड़ी लगातार देश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों ने भी देश के खाद्यान्न भंडार भरने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

594 करोड़ रुपये की लागत से बना भव्य शहीदी स्मारक

अमित शाह ने बताया कि करीब 22 एकड़ भूमि पर 594 करोड़ रुपये की लागत से 1857 के शहीदों की याद में इस भव्य स्मारक का निर्माण किया गया है। उन्होंने हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज की विशेष रूप से प्रशंसा करते हुए कहा कि जब अनिल विज उन्हें स्मारक के लोकार्पण का निमंत्रण देने आए थे, तब उन्होंने करीब एक घंटे तक इस स्मारक की पूरी जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि इस स्मारक के निर्माण के साथ अनिल विज का विशेष जुड़ाव रहा है। इसके लिए उनके प्रयासों और समर्पण को देश हमेशा याद रखेगा। स्मारक में आधुनिक तकनीक और वर्चुअल तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की घटनाओं और शहीदों के बलिदान को प्रभावी तरीके से प्रस्तुत किया गया है। अमित शाह ने कहा कि पहले किसी ने इस तरह के शहीदी स्मारक के निर्माण के बारे में नहीं सोचा था, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल में यह सपना साकार हुआ। उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के इतिहास में भी अपनी जगह बनाएगा। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि जो लोग अभी तक इस स्मारक को देखने नहीं आए हैं, वे अंबाला आकर इसे जरूर देखें।

हरियाणा में 12 वर्षों के दौरान हुए बदलावों का किया जिक्र

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि पिछले 60 वर्षों में हरियाणा ने जो प्रगति की है, उसमें पिछले 12 वर्षों के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मनोहर लाल तथा नायब सिंह सैनी की सरकारों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हरियाणा देश का ऐसा पहला राज्य बना, जिसने दहेज मुक्त प्रदेश की दिशा में पहल की। हर घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाने, किसानों को एमएसपी पर 24 फसलों की खरीद का लाभ देने और देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन चलाने जैसे कार्यों में हरियाणा की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि देश में पहली एलिवेटेड रेलवे परियोजना, हैप्पी हरियाणा योजना के तहत 1000 किलोमीटर तक मुफ्त यात्रा, पढ़ी-लिखी पंचायतों की शुरुआत और पंचायतों में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण देने जैसे कई महत्वपूर्ण कदम हरियाणा में उठाए गए। अमित शाह ने यह भी कहा कि हरियाणा देश का ऐसा राज्य है, जहां निजी उद्योगों में युवाओं के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा आयुष विश्वविद्यालय की स्थापना और परिवार पहचान पत्र जैसी योजनाओं के माध्यम से भी प्रदेश ने अपनी अलग पहचान बनाई है।

पंजाब में नशे को लेकर कांग्रेस पर निशाना

अपने संबोधन में अमित शाह ने पंजाब में नशे की समस्या का भी मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशा एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी ने पंजाब के लोगों को केवल झुनझुना पकड़ा दिया था। उन्होंने कहा कि उन्होंने पंजाब में भी लोगों से भाजपा की सरकार बनाने की अपील की है, क्योंकि भाजपा सरकार बनने पर राज्य को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। अमित शाह ने कहा कि हरियाणा को भी पूरी तरह नशामुक्त बनाने के लिए सभी को मिलकर कमर कसनी होगी।

हरियाणा को मोदी सरकार की प्राथमिकता बताया

अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा को हमेशा प्राथमिकता दी है। उन्होंने हिसार से राजस्थान के लिए हवाई सेवाएं शुरू होने का भी उल्लेख किया। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री धीरे-धीरे बोलते हैं, लेकिन काम अच्छा करते हैं।कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, कैबिनेट मंत्री अनिल विज सहित प्रदेश के अन्य मंत्री और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे। इस अवसर पर अनिल विज ने भी 1857 के शहीदी स्मारक में बलिदान देने वाले वीरों को नमन किया। उन्होंने अंबाला छावनी की उस ऐतिहासिक मिट्टी को माथे पर लगाकर प्रणाम किया, जहां से 1857 के स्वतंत्रता संग्राम की क्रांति की शुरुआत हुई थी।

New India News Network
Author: New India News Network

new india news network

Leave a Comment

और पढ़ें

गलत प्रॉपर्टी ID बनाने पर बड़ा एक्शन! दो अधिकारियों की 3 महीने तक 50% सैलरी कटेगी, चार्जशीट और NCR से बाहर तबादले के निर्देश।

जनसमस्याओं की अनदेखी पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक्शन मोड में, गुरुग्राम में विभिन्न अधिकारियों पर लिया एक्शन , गलत प्रॉपर्टी आईडी बनाने पर दो अधिकारियों की तीन माह तक 50 प्रतिशत सैलरी काटने, चार्जशीट और एनसीआर से बाहर तबादले के निर्देश