अंबाला, 17 सितंबर: हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने अंबाला छावनी में आयोजित जनसुनवाई के दौरान अधिकारियों को लापरवाही पर कड़ी फटकार लगाई और कई मामलों में कार्रवाई के निर्देश दिए। एफआईआर दर्ज नहीं करने और कार्रवाई में देरी के मामलों में विज ने हाउसिंग बोर्ड और तोपखाना पुलिस चौकी के इंचार्जों को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।स्टाफ रोड निवासी युवती ने शिकायत दी कि 9 सितंबर को उसके घर में चोरी हुई और उसके पिता को नशीला पदार्थ देकर बेहोश किया गया। महिला के मुताबिक घर से करीब 20 तोले सोना और नकदी चोरी हुई, लेकिन शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं की गई। सीसीटीवी फुटेज होने की बात सामने आने के बाद विज ने पुलिस अधिकारियों से जवाब मांगा और कार्रवाई के निर्देश दिए।
एक अन्य मामले में कच्चा बाजार के पुजारी ने मंदिर में चोरी की शिकायत पर कार्रवाई नहीं होने की बात कही। इस मामले में भी विज ने हाउसिंग बोर्ड पुलिस चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।वहीं, नडियाली गांव के किसान ने एक साल से ट्यूबवेल कनेक्शन नहीं मिलने की शिकायत की। विज ने चौड़मस्तपुर एसडीओ के खिलाफ जांच के निर्देश दिए। विवाहिता की मौत के मामले में निष्पक्ष जांच के लिए एसआईटी गठित करने को कहा गया।जनसुनवाई में पेंशन से जुड़ी कई शिकायतें भी सामने आईं। बुजुर्गों की पेंशन बंद होने और विभागीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर विज ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को फोन पर फटकार लगाई और जल्द समाधान के निर्देश दिए।
बकाया बिजली बिलों पर भी विज ने सख्त रुख अपनाया और तय अवधि से अधिक बकाया मामलों में रिकवरी अभियान चलाने के निर्देश दिए।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर विज ने लोगों से ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाने की अपील भी की।








